डिजिटल जनगणना-2027: आगरा के पत्रकारों ने स्व-गणना पोर्टल पर दर्ज किया विवरण, निभाया राष्ट्रीय कर्तव्य

स्थानीय समाचार

आगरा: भारत की डिजिटल जनगणना-2027 के प्रथम चरण को गति देने के लिए आगरा प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल के मार्गदर्शन में रविवार को सर्किट हाउस सभागार में ‘मीडिया-डे’ का आयोजन किया गया। इस विशेष कैंप में जनपद के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने मास्टर ट्रेनर्स की देखरेख में ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी और अपने परिवार की स्व-गणना (Self-Enumeration) सफलतापूर्वक पूर्ण की।

डिजिटल जनगणना और गोपनीयता का भरोसा

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती शुभांगी शुक्ला और एसडीएम श्रीमती नीलम तिवारी की मौजूदगी में एक लघु फिल्म और पीपीटी प्रेजेंटेशन के जरिए जनगणना की बारीकियों को समझाया गया।

मास्टर ट्रेनर्स ने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली मकान गणना और व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और इनका उपयोग केवल राष्ट्र निर्माण की नीतियों के लिए किया जाएगा।

​21 मई तक चलेगा अभियान, पोर्टल पर दर्ज करें विवरण

एडीएम शुभांगी शुक्ला ने मीडिया से मुखातिब होते हुए बताया कि जनगणना का यह चरण 07 मई से 21 मई तक प्रभावी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपनी गणना पूरी करें। उन्होंने कहा, “स्व-गणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की व्यक्तिगत भागीदारी है।”

​महत्वपूर्ण सांख्यिकी और राष्ट्र निर्माण

अधिकारियों ने रेखांकित किया कि जनगणना-2027 से प्राप्त आंकड़े भविष्य की जनहितकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए आधार बनेंगे। प्रशासन ने मीडिया जगत से अनुरोध किया कि वे समाज के हर वर्ग को इस डिजिटल अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में भारी संख्या में मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी का निर्वहन किया।