Agra News: कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण, जन चौपाल लगाकर सुनी जन समस्याएं

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की कड़ी में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वार्ड संख्या 10 के चारसू दरवाजा क्षेत्र में नवनिर्मित पार्क की बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया।

वर्षों से उपेक्षित पड़े इस पार्क की बाउंड्री टूटने के कारण यहाँ आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता था, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को भारी असुविधा होती थी। अब इस सुधार कार्य के बाद क्षेत्रीय निवासियों को सुकून और सुरक्षा की सौगात मिली है।

सबका साथ, सबका विकास ही हमारा मूलमंत्र

लोकार्पण के दौरान स्थानीय जनता ने कैबिनेट मंत्री का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए श्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास कार्य जाति और मजहब को देखकर किए जाते थे, लेकिन आज केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के ध्येय वाक्य पर काम कर रही है।

​जन चौपाल: समस्याओं का मौके पर समाधान

विकास कार्यों के शुभारंभ के साथ ही कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में ‘जन चौपाल’ भी लगाई। चौपाल में उन्होंने नागरिकों की व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को विस्तार से सुना। मंत्री ने क्षेत्रीय लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र का कायाकल्प उनकी प्राथमिकता है और शेष बचे हुए विकास कार्यों को भी जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेश प्रजापति, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्यामबाबू शर्मा, अश्वनी शर्मा सहित भाजपा के तमाम पदाधिकारी और भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।