माता वैष्णो देवी में उमड़ा भक्तों का सैलाब: भारी भीड़ के चलते अस्थायी रूप से रोकी गई यात्रा, जानें कब से शुरू होगा नया पंजीकरण

National

कटड़ा/जम्मू: चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी भवन में श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। भक्तों की भारी संख्या और सुरक्षा कारणों को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार शाम को यात्रा के पंजीकरण पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी। यह फैसला भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एहतियातन लिया गया है।

​तीसरे नवरात्र तक एक लाख पार हुआ आंकड़ा

धर्मनगरी कटड़ा इन दिनों पूरी तरह भक्ति के रंग में सराबोर है। श्राइन बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, नवरात्र के शुरुआती तीन दिनों में ही दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 1 लाख के पार पहुंच गई है। शनिवार दोपहर तक लगभग 39,000 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, लेकिन शाम 4:45 बजे तक यह आंकड़ा 41,000 के पार पहुंच गया। जैसे ही आरएफआईडी (RFID) कार्ड प्राप्त करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी, प्रशासन ने तुरंत पंजीकरण काउंटर बंद करने का निर्णय लिया।

​कल सुबह 4 बजे से फिर शुरू होगी यात्रा

श्रद्धालुओं की सुविधा और मार्ग पर सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रविवार, 22 मार्च को सुबह 4 बजे से नए पंजीकरण फिर से शुरू किए जाएंगे। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

सुहावना मौसम और कड़ी सुरक्षा

भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर ‘जय माता दी’ और ‘प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी’ के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। आस्था के साथ-साथ मौसम भी मेहरबान है; आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के चलने से वातावरण सुहावना हो गया है, हालांकि हल्की ठंड का एहसास भी हो रहा है।

​सुरक्षा के कड़े इंतजाम:

​यात्रा मार्ग के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात हैं। सीसीटीवी (CCTV) और आधुनिक उपकरणों के जरिए भीड़ पर पैनी नजर रखी जा रही है।श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सहायता, स्वच्छ पेयजल और विश्राम स्थलों की व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया है।