आगरा में दो स्वास्थ्य केंद्रों का डिप्टी सीएम ने किया निरीक्षण, डॉक्टरों को दी मरीज के प्रति व्यवहार नरम रखने की नसीहत

Regional

आगरा में हुनर हाट के उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सीधे पहले किरावली, फिर फतेहपुर सीकरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए। जैसे ही डिप्टी सीएम का काफिला वहां रुका तो हड़कंप मच गया। वह सीधे डिलीवरी रूम में गए। इसके बाद पैथोलॉजी की जांच की। फार्मेसी को देखा। उसके बाद उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। वहां पर सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं

नरम व्यवहार रखें चिकित्सा कर्मी

उपमुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र पर कर्मचारियों और चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी मरीज आए, उसके प्रति नरम व्यवहार रखें। संयम से उपचार करें। कोई समस्या आए तो उसकी जानकारी अधिकारियों को दें। इसके बाद मीडिया को बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सब कुछ ठीक है। कर्मचारियों ने कुछ समस्याएं बताईं हैं और यहां सुविधा बढ़ाने के लिए अनुरोध किया है। इसको देखा जा रहा है।

पहले ही तय था कार्यक्रम

आपको बताते चलें कि डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का कल रात को ही कार्यक्रम आ गया था। उन्हें गुरुवार को हुनर हाट का उद्घाटन करने के बाद मेहंदीपुर बालाजी जाना था। ऐसे में बीच में जो भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आता, उसका निरीक्षण भी करना था। इस सूचना पर पहले से ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी और चिकित्सा अधिकारी हर स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद रहे।