आगरा में घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी, पारा सात डिग्री से नीचे लुढ़का

स्थानीय समाचार

आगरा: महानगर में सर्दी अपने चरम की ओर बढ़ने लगी है। सोमवार की शुरुआत सुबह घने कोहरे के साथ हुई, जिससे दृश्यता शून्य हो गई। शीतलहर चलने से कड़कड़ाती ठंड का अहसास होने लगा। सीजन में पहली बार पारा 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। आने वाले दिनों में भी कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया गया है।

आज सोमवार की सुबह जब लोगों की नींद खुली तो बाहर घना कोहरा छाया हुआ था। कोहरे में कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। आलम ये था कि सुबह-सुबह वाहनों को लाइट जलानी पड़ी। ठंड और कोहरे के कारण लोग घर में ही दुबके रहे। सुबह 10 बजे तक मौसम साफ नहीं हुआ था। ठंडी हवा चलने से कंपकंपी का अहसास हो रहा था। ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड के चलते अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं गए। सुबह 11 बजे कोहरे का असर खत्म हुआ और धूप के दर्शन शुरू हुए। कोहरा छाने से पर्यटकों को भी परेशानी हुई। सुबह ताजमहल पहुंचाने वाले पर्यटकों को मुख्य गुंबद कोहरे में दिखाई नहीं दी। ग्यारह बजे के बाद कोहरा कम होने पर स्मारक के दीदार हुए।

सर्दी के सीजन में पहली बार 25 दिसंबर को तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा है। न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री दर्ज किया गया। यही नहीं अधिकतम तापमान भी अब 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक आगरा में घना कोहरा और शीतलहर रहने का अलर्ट जारी किया हुआ है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। अधिकतम तापमान में भी तेजी से गिरावट देखने को मिलेगी।