आगरा: खेरागढ़ प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाह के समर्थन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा को किया संबोधित

City/ state

आगरा। ‘मोदी सरकार में अब भारत एक मजबूत राष्ट्र है। किसी देश की हिम्मत नहीं जो आंख उठा कर देख सके। पहले हथियार विदेशों से खरीदे जाते थे, अब हम खुद हथियार बना रहे हैं।’ ये बात भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाह के समर्थन आयोजित खेरागढ़ जनसभा में कही।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सोच और काम राष्ट्रवादी है। हमारी पार्टी जो कहती है वही करती भी है, हमारी कथनी और करनी एक है। हम देश को विकास की दशा में ले जा रहे हैं, विकास कार्य लगातार जारी हैं और जो रह गए हैं उनको भी पूरा करेंगे। हमें जनता का विश्वास प्राप्त है, बाकी पार्टियां अपने कामों से जनता का विश्वास खो चुकी हैं। हमने कश्मीर में धारा 370 हटाने की बात कही थी, उसे हटाया, राम मंदिर बन रहा है, किसानों के लिए सम्मान निधि, गरीबों को उज्जवला गैस, हर घर शौचालय, पीने का पानी मुहैया हो, इस संकल्प को लेकर भाजपा काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उत्तर प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था योगी सरकार में सुदृण हुई है। कोरोना के संक्रमण को ज्यादा न फैलने से रोकने में हमारी सरकार के प्रयास सार्थक रहे हैं जबकि विदेशों में कोरोना संक्रमण भारत से ज्यादा फैला हुआ है। हम सबकी भलाई एवं विकास के लिए काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि खेरागढ़ से पार्टी ने भगवान सिंह कुशवाह की प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले महेश गोयल हमारे विधायक थे। वे बहुत ही सरल स्वभाव के हैं। उनकी जगह भगवान सिंह कुशवाह अब चुनाव लड़ रहे हैं। वो उनको जिताने के लिये दिन रात काम कर रहे हैं। ऐसे होते हैं भाजपा के कार्यकर्ता। आप सभी को 10 फरवरी को भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाना है।

 

जनसभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह ने की। संचालन मारतेंद्र धाकरे ने किया। जनसभा को सांसद राजकुमार चाहर, विधायक महेश गोयल, महेश गोयल, श्याम भदौरिया आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर बृजक्षेत्र रजनीकांत माहेश्वरी, प्रदेश प्रवक्ता हरीश चंद्र श्रीवास्तव, भानुप्रताप सिंह, शेर सिंह, दिनेश गोयल, संजय चौहान, मेघराज सोलंकी, बृजक्षेत्र मीडिया प्रभारी नवल तिवारी, जिला प्रवक्ता राजकुमार पथिक आदि उपस्थित रहे।