अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन के अभिलाषी श्रद्धालुओं के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एक महत्वपूर्ण राहत दी है। बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शनार्थियों के अनुभव को सुखद बनाने के लिए ऑनलाइन पास बुकिंग सिस्टम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। ट्रस्ट की वेबसाइट से अब सुगम और व्यवस्थित तरीके से पास बनवाकर श्रद्धालु लंबी लाइनों से बच सकेंगे। यह नई व्यवस्था विशेष रूप से बुजुर्गों और महिला श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी।
विशिष्ट दर्शन खत्म, अब सुगम और सामान्य का विकल्प
ट्रस्ट ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट से ‘विशिष्ट दर्शन’ के विकल्प को पूरी तरह हटा दिया है। अब वेबसाइट पर केवल दो ही विकल्प उपलब्ध होंगे ‘सुगम दर्शन’ और ‘सामान्य दर्शन’।
सुगम दर्शन पास: इसके तहत श्रद्धालु रामलला और राम दरबार के साथ-साथ परकोटा में स्थित 6 प्रमुख मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे।
सामान्य दर्शन पास: इस पास के माध्यम से रामलला, राम दरबार, शेषावतार मंदिर, सप्त मंदिर और ऐतिहासिक कुबेर टीला के दर्शन की सुविधा मिलेगी।
एक पास पर अब केवल 5 लोग, पारदर्शिता पर जोर
व्यवस्था में पारदर्शिता और समानता लाने के लिए ट्रस्ट ने एक पास पर दर्शनार्थियों की संख्या घटा दी है। पहले एक पास पर अधिकतम 8 लोग दर्शन कर सकते थे, लेकिन अब यह संख्या सीमित कर 5 श्रद्धालु कर दी गई है। दर्शन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ‘सुगम दर्शन’ के लिए 8 मई तक के सभी स्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं।
ट्रस्ट की सलाह: भारतीय परिधान में करें प्रभु के दर्शन
दर्शन की गरिमा बनाए रखने के लिए ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को भारतीय पारंपरिक परिधान पहनने की विशेष सलाह दी है।पुरुषों के लिए धोती-कुर्ता या पायजामा-कुर्ता व महिलाओं के लिए साड़ी या दुपट्टे के साथ पंजाबी/चूड़ीदार ड्रेस का सुझाव दिया गया है ।
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि यह फिलहाल एक ‘परामर्श’ है, इसे अभी अनिवार्य नहीं किया गया है। लेकिन भक्तों से अपेक्षा की जाती है कि वे मंदिर की मर्यादा के अनुरूप वस्त्र धारण करें।
अगर आप भी अयोध्या में भीड़ से बचकर सुगमता से दर्शन करना चाहते हैं, तो ट्रस्ट की वेबसाइट पर जाकर अपनी पसंद के विकल्प के अनुसार अग्रिम पास बुक कर सकते हैं।

