बंगाल, ओडिशा समेत नॉर्थ ईस्ट में तेज रफ्तार से बढ़ रहा है चक्रवात सितरंग

National

मौसम विज्ञान कार्यालय ने बताया कि सितरंग तूफान की गति और बढ़ेगी और यह गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इस चक्रवात की वजह से दक्षिणी 24 परगना, उत्तरी 24 परगना और मिदनापुर जैसे तटीय जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है और 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 110 किलोमीटर तक पहुंच सकती है।

दो दिन मछुआरों को समुद्र के पास न जाने को कहा गया

अधिकारियों ने बताया कि इस तूफान की वजह से उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में मंगलवार को भी मूसलाधार बारिश जारी रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि कोलकाता और उससे सटे हावड़ा तथा हुगली जिलों में भी सोमवार को मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है। कोलकाता में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है जहां पर कालीपूजा के लिए पंडाल लगाए गए हैं। इस बीच, मछुआरों को 24 और 25 अक्टूबर को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

निचले इलाकों में हो सकता है जलभराव

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24-25 अक्टूबर तक बंगाल की उत्तरी खाड़ी में अपतटीय गतिविधियों को न करने को कहा है। इसी के साथ एक अडवाइजरी भी जारी की गई है। विभाग ने संभावित नुकसान की भविष्यवाणी करते हुए कहा कि फूस की झोपड़ियों को नुकसान होने की संभावना है। वहीं निचले इलाकों में बारिश के चलते जभराव की संभावना है।

12 घंटे में तूफान होगा तेज

मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवात ‘सितरंग’ पिछले 6 घंटे के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके अगले 12 घंटों के दौरान एक गंभीर चक्रवाती तूफान में और तेज होने की उम्मीद है। उत्तर तटीय ओडिशा में कुछ भारी वर्षा की गतिविधि होने की उम्मीद है। पश्चिम बंगाल और कुछ पूर्वोत्तर राज्यों, विशेष रूप से त्रिपुरा, मेघालय और दक्षिण असम में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।

-एजेंसी