पार्षद किशन नायक का नाले में जन्मदिन का केक काटना लाया रंग, आगरा के ‘साईं केनाल’ नाले के लिए 35.30 करोड़ रुपये मंजूर

स्थानीय समाचार

आगरा। भाजपा पार्षद किशन नायक द्वारा अपने जन्मदिन पर साईं केनाल नाले में खड़े होकर केक काटकर किए गए अनोखे विरोध प्रदर्शन का असर अब दिखाई देने लगा है। वर्षों से लंबित साईं केनाल नाले के निर्माण प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। करीब 35.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आरसीसी नाले का निर्माण मानसून के बाद शुरू होने की संभावना है। बताया गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं इस परियोजना का संज्ञान लिया और हाल ही में आगरा दौरे के दौरान भी इसकी प्रगति की जानकारी प्राप्त की थी।

नाले में केक काटने के बाद तेज हुई फाइल की रफ्तार

यह नाला वार्ड-12 नगला हरमुख के पार्षद किशन नायक के क्षेत्र में आता है। किशन नायक से क्षेत्रीय जनता द्वारा नाला निर्माण कराने की मांग लम्बे समय से की जा रही थी। पार्षद द्वारा काफी भागदौड़ के बाद नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भेजा गया, जहां वह अटक कर रह गया था। पिछले दिनों क्षेत्रीय नागरिकों ने पार्षद किशन नायक से उन्हीं के जन्मदिन का केक साईं केनाल नाले में खड़े होकर कटवाया था। जन्मदिन के रूप में यह विरोध सरकारी अधिकारियों की उदासीनता के खिलाफ किया गया था। इस विरोध की गूंज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंची, जिसके बाद शासन स्तर पर लंबित फाइलों का तेजी से निस्तारण हुआ और परियोजना को मंजूरी मिल गई।

मुख्यमंत्री ने फोन पर दिया था आश्वासन

किशन नायक के अनुसार, नाले में जन्मदिन का केक काटने के बाद स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन के माध्यम से उन्हें आश्वस्त किया था कि साईं केनाल नाले की समस्या का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने इस त्वरित निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता सदैव उनकी ऋणी रहेगी।

दो वर्ष पहले तैयार हुई थी डीपीआर

पार्षद किशन नायक ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उनके लगातार पत्राचार के बाद नगर निगम आगरा ने साईं केनाल नाले की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजी थी। लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद अब इस परियोजना को अंतिम मंजूरी मिल गई है।

15 हजार परिवारों को मिलेगा लाभ

साईं केनाल नाला सुल्तानगंज पुलिया से जीवनी मंडी होते हुए यमुना नदी तक बनाया जाएगा। यह नाला आरसीसी तकनीक से निर्मित होगा। इसके निर्माण से वार्ड-12 नगला हरमुख सहित आसपास के लगभग 15 हजार परिवारों को जलभराव और गंदे पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने जारी किए निर्देश

पार्षद के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंडलायुक्त और जिलाधिकारी आगरा को मानसून सत्र समाप्त होने के बाद नाले का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

शासन ने शहर में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नवीन गल्ला मंडी से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 तक भी 37.44 करोड़ रुपये की लागत से नए नाले के निर्माण को मंजूरी दी है। इससे संबंधित क्षेत्रों में जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।