कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर भारत ने परचम लहराते हुए 200 करोड़ वैक्सीनेशन के आकड़े को पार कर लिया है। वैक्सीनेशन को लेकर भारत ने यह कीर्तिमान आज यानी 17 जुलाई को रचा है, जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया देश को लोगों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा बधाई हो भारत! सबके प्रयास से आज देश ने 200 करोड़ वैक्सीन लगाने का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा भारत ने पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण यह असाधारण उपलब्धि इतिहास में दर्ज हुई है।
भारत ने 2021 में देश भर में वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया था और फिर लगभग डेढ़ साल बाद आज भारत ने 200 करोड़ वैक्सीनेशन का आकड़ा पास कर लिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में 98% वयस्क आबादी को कम से कम वैक्सीन की 1 खुराक मिल चुकी है। वहीं लगभग 90% वयस्क वैक्सीन की डोनों डोज लगवा चुके हैं।
भारत ने फिर रचा इतिहास
कोरोना से जंग में भारत के इस इतिहास के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा भारत ने फिर रचा इतिहास! वैक्सीन की 200 करोड़ डोज का विशेष आंकड़ा पार करने पर सभी भारतीयों को बधाई। उन लोगों पर गर्व है जिन्होंने भारत के टीकाकरण अभियान को गति देने में अद्वितीय योगदान दिया। इस आकड़े ने COVID-19 के खिलाफ विश्व की लड़ाई को मजबूत किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा वैक्सीनेशन के दौरान भारत के लोगों ने विज्ञान में उल्लेखनीय विश्वास दिखाया है। वहीं हमारे डॉक्टरों, नर्सों, फ्रंटलाइन वर्कर्स, वैज्ञानिकों और उद्यमियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं उनकी भावना और दृढ़ संकल्प की सराहना करता हूं।
प्रधानमंत्री के जन्म दिन के मौके पर लगी 2.5 करोड़ वैक्सीन
17 सितंबर 2021 को एक दिन में सबसे अधिक 2.5 करोड़ वैक्सीनेशन डोज लगाया गया था। इस दिन प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर मेगा टीकाकरण अभियान चलाया गया था, जिसके बाद भारत ने एक दिन में सबसे अधिक वैक्सीनेशन डोज लगाने का रिकार्ड बनाया था।
डब्ल्यूएचओ दक्षिण-पूर्व एशिया की क्षेत्रीय निदेशक डॉ पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा, “200 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन खुराक देने के लिए भारत को बधाई। यह देश की प्रतिबद्धता और महामारी के प्रभाव को कम करने के प्रयासों का एक और सबूत है।”
पीएम नरेंद्र मोदी ने भी 200 करोड़ वैक्सीन की खुराक पार करने और कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए राष्ट्र को बधाई दी है।
-एजेंसी