तपती धूप में ‘सेवा’ की ठंडी फुहार: आगरा के सुल्तानगंज चौराहे पर शीतल जल प्याऊ शुरू, राहगीरों को मिली बड़ी राहत

विविध

आगरा: ताजनगरी में सूरज के तल्ख तेवरों के बीच ‘सेवा आगरा’ संस्था ने मानवता की मिसाल पेश की है। बुधवार को सुल्तानगंज चौराहा स्थित नवज्योति अपार्टमेंट के बाहर संस्था द्वारा प्रथम निःशुल्क शीतल जल प्याऊ का भव्य शुभारंभ किया गया। भीषण गर्मी में धूल और प्यास से बेहाल राहगीरों के लिए यह प्याऊ किसी वरदान से कम नहीं है।

पुण्य का कार्य है प्यास बुझाना: राजकुमार गुप्ता

प्याऊ का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, संस्था के संस्थापक अध्यक्ष पार्षद मुरारी लाल गोयल ‘पेंट वाले’ और संस्थापिका सुमन गोयल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान अतिथियों ने स्वयं अपने हाथों से राहगीरों को ठंडा पानी पिलाकर इस पुनीत कार्य की शुरुआत की।

​राजकुमार गुप्ता ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “मानव सेवा के क्षेत्र में सेवा आगरा का कोई सानी नहीं है। चाहे वह हेलमेट अभियान हो या स्वास्थ्य शिविर, यह संस्था हमेशा आगे रहती है। इस चिलचिलाती गर्मी में पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य है, क्योंकि जल ही जीवन है और इसकी कमी से लोग गंभीर रूप से बीमार हो सकते हैं।”

शहर के एक दर्जन स्थानों पर खुलेंगी प्याऊ

​संस्था के संस्थापक मुरारी लाल गोयल और सुमन गोयल ने सेवा के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि जनसेवा ही संस्था का एकमात्र लक्ष्य है। उन्होंने घोषणा की कि गर्मी के इस मौसम में केवल सुल्तानगंज ही नहीं, बल्कि शहर के लगभग 12 अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इसी प्रकार की शीतल जल प्याऊ स्थापित की जाएंगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले मुसाफिरों और मजदूरों को प्यास के लिए भटकना न पड़े।

​कार्यक्रम में रहे गणमान्य लोग मौजूद

​इस अवसर पर सेवा के इस प्रकल्प को सफल बनाने के लिए हरिओम गोयल, शिवराम सिंघल, कुमकुम उपाध्याय, आशा अग्रवाल, विश्वनाथ भारद्वाज, पूजा जैन, सुरेश गुप्ता, मयंक खंडेलवाल, विनय अग्रवाल, मनीष माहेश्वरी, मीनाक्षी शर्मा, देवेंद्र चौहान और मीरा कुशवाहा सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।