आगरा: रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने को भारत की मध्यस्थता की मांग को लेकर कांग्रेस ने दिया धरना

Politics

आगरा: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध से सिर्फ आर्थिक नुकसान और जन हानि हो रही है। यह युद्ध मानवता के विरुद्ध है, इस युद्ध को रोका जाए नहीं तो तीसरे विश्व युद्ध की आहट इस युद्ध से सुनाई दे रही है। इस युद्ध पर विराम लग सके और भारत सरकार दोनों देशों से वार्ता कर इस युद्ध को रुकवाने में अपनी भूमिका निभाये। इस मांग को लेकर शहर कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू के नेतृत्व में रावली स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर धरना दिया गया। धरने के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग के युद्ध विराम की मांग उठाई।

शहर कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में रावली स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को रोके जाने की मांग को लेकर धरना दिया गया। शहर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच जो जंग छिड़ी है उससे सिर्फ पूरे विश्व को ही हानि होनी है इसका लाभ किसी भी देश को नहीं मिलेगा। इसलिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दोनों देशों के राष्ट्रपति से वार्ता कर बातचीत से इस समस्या का हल निकाले जाने की मांग उठाई है।

रूस और यूक्रेन के बीच जो युद्ध छेड़ा है उसमें भारत को भी जन हानि उठानी पड़ी है। भारत के एक छात्र की इस युद्ध के दौरान मौत हो गई है। शहर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस युद्ध में जान गंवाने वाले भारतीय छात्र नवीन को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों ने भारत सरकार से यूक्रेन से भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकाले जाने की मांग की तो वहीँ अपील की कि युद्ध विराम करके सबसे पहले भारतीय छात्रों को वहां से निकलने दें और फिर यूक्रेन से वार्ता कर अपनी समस्याओं का हल निकाले।

शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू का कहना है कि रूस और यूक्रेन के बीच जो भी युद्ध चल रहा है वह मानवता के विरुद्ध है। युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं है। इससे सिर्फ आर्थिक और जन हानि हो सकती है। ऐसे में रूस और यूक्रेन को युद्ध रोक कर आपसी बातचीत कर कर समस्या का हल निकालना चाहिए। रूस और यूक्रेन के बीच जो युद्ध चल रहा है उसका आर्थिक नुकसान पूरे विश्व को भी उठाना पड़ेगा। क्योंकि रूस तेल उत्पादक में विश्व में दूसरा स्थान रखता है। इससे सिर्फ महंगाई बढ़ेगी जिससे आम जनता पर ही महंगाई का बोझ पड़ेगा।