दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर CBI की छापेमारी पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है. कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने ट्वीट कर कहा है कि एजेंसियों के दुरुपयोग का एक बड़ा नुक़सान ये भी होता है कि जब वो एजेंसी सही काम करे, तब भी उसके क़दम को शक़ की दृष्टि से देखा जाता है.
उन्होंने ट्विटर पर आगे लिखा है- ऐसे में भ्रष्ट लोग दुरुपयोग की दुहाई देकर बच निकलते हैं और जो ईमानदारी से जनता के मुद्दे उठाते हैं, वो दुरुपयोग का शिकार होते रहते हैं.
सीबीआई ने दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को लेकर भ्रष्टाचार के आरोपों की जाँच के सिलसिले में मनीष सिसोदिया के घर पर छापेमारी की है. दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ख़ुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी थी.
पिछले दिनों दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली की शराब नीति से जुड़े मामले में सीबीआई जाँच की सिफ़ारिश की थी. दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार के एक अन्य मंत्री सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में बीते कुछ महीनों से प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में हैं.
-एजेंसी

