CM योगी बोले, आज स्वर्ग है आगरा, जी-20 के दौरान बदली तस्वीर

Regional

छह वर्ष पहले शहर में हर जगह कूड़े के ढेर रहते थे
– चुनावी सभा में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील

आगरा: निकाय चुनावों के प्रत्याशियों के समर्थन में आज यहां जीआईसी मैदान पर चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह शहर अपने इतिहास के लिए जाना जाता है। छत्रपति शिवाजी महाराज इसका जीता जागता उदाहरण हैं। जिनके कई किस्से कहानियां यहां से जुड़े हैं। यही वजह थी कि हमने आगरा में शिवाजी म्यूजियम बनाने की बात कही। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के साथ ही काशी में बड़ा बदलाव हुआ है। अब ब्रज की बारी है।

उन्होंने कहा कि हम जाति और मजहब के हिसाब से नहीं, बल्कि सबका साथ सबका विकास के मकसद के साथ आगे बढ़ रहे हैं। भारत आज मजबूत देश बन चुका है। यहां नौ वर्षों में जो हुआ वो पिछले 70 वर्षों में कभी नहीं हुआ। आज भारत का गौरव लौट आया है। जी-20 इसका उदाहरण है। जी-20 के दौरान आगरा की तस्वीर ही बदल गई। छह वर्ष पहले ऐसा नहीं था। हर जगह कूड़े के ढेर रहते थे। आज आगरा स्वर्ग है।

सीएम योगी ने कहा कि हमारे कार्यकाल में गुंडागर्दी खत्म हुई। हमने करोड़ों लोगों को शौचालय, उज्जवला कनेक्शन दिए। जो किसान पहले सिर झुकाकर चलता था। आज वो सीना चौड़ा कर चलता है। दीवाली पर हम एक एक सिलेंडर फ्री में देने जा रहे हैं। हमारा एक जिला एक उत्पाद आज दुनिया भर में छाया हुआ है। हाल ही में इन्वेस्टर्स समिट के दौरान करोड़ों के इन्वेस्ट की बात हुई। इससे एक करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कब्जा होता था। आज हर गरीब को मकान मिल रहा है। आज पैसा वसूली नहीं होती, सबको सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आगरा में लाखों लोगों को आयुष्मान योजना हो और अन्य योजनाएं सबका लाभ मिला है। जल्द आगरा को मेट्रो की सौगात भी मिलेगी। डेढ़ लाख घरों को हर घर जल योजना का लाभ मिला है और पौने तीन लाख घरों को सीवर की समस्या से निजात दिलाई है। आगरा वासियों को जल्द शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।

सीएम योगी ने बताया कि वह इसीलिए आये हैं कि आप हमारे महापौर प्रत्यशी हेमलता दिवाकर और सभी वार्डों को प्रत्याशियों को जिताने का काम करें।