आगरा: रुनकता मामले में 20 नामजद व 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा, 9 को भेजा जेल

Crime

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता में हुए बवाल के बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन दिखाते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस पूरे मामले में उपद्रव मचाने वाले 20 नामजद लोगों के खिलाफ व 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना सिकंदरा पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। उपद्रवियों की शिनाख्त के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। वहीं कई हिंदूवादी कार्यकर्ता भूमिगत हो गए हैं।

बता दें कि सिकंदरा थाना क्षेत्र के रूनकता कस्बा में हिंदू वादियों ने विशेष समुदाय के लोगों के दो घरों में आग लगा दी थी। इस दौरान घर में जमकर तोड़फोड़ की गई। सूचना मिलने पर एसएसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे थे। बस्ती में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसएसपी आगरा ने थाना शाहगंज के एसएसआई विक्रम कुमार को रुनकता चौकी का प्रभारी बनाया है। इससे पहले यहां जितेंद्र कुमार तैनात थे, जिन्हें सुबह आगजनी और बवाल की घटना के बाद एसएसपी ने हटा दिया गया था।

इस मामले में पुलिस ने 20 नामजद व 150 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसमें कई हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उपद्रवियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।