आगरा: जनसमस्याओं को लेकर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्या ने की अधिकारियों संग बैठक

स्थानीय समाचार

आगरा। प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग मंत्री बेबी रानी मौर्या की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में कैबिनेट मंत्री ने वायु विहार व दुरैठा में जल भराव व सड़कों की समस्या एवं धनौली में नाले की समस्या तथा नाहरगंज टूण्डला मार्ग पर यमुना नदी सेतु पर ओवर ब्रिज के कार्य संतोषजनक न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपरोक्त कार्यों एवं वायु विहार में 30 फीट सड़क का निर्माण तथा जल निकासी को सीवर लाइन से जोड़ने का कार्य तत्काल कराया जाये। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद की समस्त सड़कें 15 नवम्बर तक गड्ढे मुक्त हो जानी चाहिए।

मौर्या ने जनपद की नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य शीघ्र कराकर कृषको को सिंचाई हेतु पानी व सिंचाई हेतु बिजली की अबाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में आलू किसानों की समस्या पर भी विचार किया गया।

मन्त्री ने महिला सुरक्षा हेतु सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा व उनकी शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण किया जाये तथा परिवारिक कलह हेतु दंपत्ति को बैठाकर काउंसलिंग समयबद्ध करायी जाये।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ए मणिकंडन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।