राजस्थान के अलवर से अपहृत 3 बच्‍चों में से 2 के शव बरामद

Regional

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा आज राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी की पुलिस और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से की है। पुलिस ने बताया कि अलवर के भिवाड़ी थाना क्षेत्र के सांथलवा लेबर कॉलोनी में ज्ञान सिंह अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहा करते हैं।

ज्ञान सिंह मूलरूप से यूपी के रहने वाले हैं। बीते शनिवार जब शाम को ज्ञान सिंह और परिवार के अन्य कामकाजी लोग दफ्तर से वापस घर लौटे तो देखा तो घर के तीन बच्चे गायब है। आस-पास में खोजबीन के बाद भी जब बच्चों की जानकारी नहीं मिली तो ज्ञान सिंह ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

फिरौती के रूप में मांगे गए थे 8 लाख रुपए

केस दर्ज होने के बाद बच्चे पुलिस को तलाशने में जुटी। इसी बीच परिजनों को 8 लाख रुपए फिरौती के लिए फोन आया। जिसकी जानकारी पुलिस को देते हुए वे लोग बच्चों की सकुशल रिहाई के लिए एसपी ऑफिस के बाहर धरने पर भी बैठे। इसके बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। जिसने पूछताछ में बताया कि बच्चों की हत्या कर दिल्ली के महरैली जंगल फेंक दिया गया है।

13 और 8 साल की बच्चे महरैली जंगल से मिली लाश

बच्चों की हत्या की जानकारी मिलने के बाद राजस्थान पुलिस ने दिल्ली पुलिस से सहयोग मांगी। फिर आज दोनों राज्यों की संयुक्त कार्रवाई में महरैली जंगल से दो बच्चों की लाश बरामद की गई। जिन दो बच्चों की लाश महरैली जंगल से मिली, उनकी पहचान 13 वर्षीय अमन, 8 वर्षीय विपिन के रूप में हुई है। जबकि 6 साल के शिवा नामक बच्चे को पुलिस ने 16 अक्टूबर को संदिग्ध स्थिति में बरामद किया था। शिवा अभी लाजपत नगर के चिल्ड्रन होम में सुरक्षित है।

किडनैप करने वाले बदमाश बिहार के रहने वाले

पुलिस ने बताया कि तीनों बच्चों को किडनैप करने वाले बदमाश बिहार के रहने वाले हैं। ये बदमाश नशे के आदी है। पैसे के लिए इन लोगों ने बच्चों को अगवा किया था। फिर 16 अक्टूबर को बच्चों के रोने की आवाज से तंग आकर इनकी हत्या कर महरैली जंगल में फेंक दिया लेकिन तीसरे बच्चे की मौत नहीं हुई थी। वह भटकते हुए जंगल से बाहर आया। जहां से उसे पुलिस लेकर चिल्ड्रन होम पहुंची।

दो मासूम बच्चों की मौत से परिवार में मातम

इस सनसनीखेज मामले में भिवाड़ी के फेस-3 थाने में शिकायत दर्ज की गई थी। परिजनों ने तीन दिन पहले यानी 15 अक्टूबर को बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो बच्चों की हत्या और तीसरे को संयोग से सकुशल बरामद करने की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। घर के दो मासूम बच्चों की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आस-पास के लोग अपने-अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतिंत है।

-Compiled by up18 News