Agra News: राज्यसभा सांसद नवीन जैन की निधि से छीपीटोला में 25 लाख रुपये से बनेगी सीसी सड़क, भाजपा युवा नेता वैभव जैन ने किया शिलान्यास

स्थानीय समाचार

आगरा। छावनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छीपीटोला स्थित निर्मल सेवा सदन के पास क्षेत्रीय जनता के विशेष आग्रह पर एक महत्वपूर्ण विकास कार्य का शुभारंभ हुआ है। राज्यसभा सांसद नवीन जैन की सांसद निधि से स्वीकृत सीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास भाजपा युवा नेता वैभव जैन ने नारियल फोड़कर किया। इस सड़क के बन जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

इस अवसर पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा युवा नेता वैभव जैन ने कहा कि राज्यसभा सांसद नवीन जैन का मूलमंत्र ‘जनसेवा ही संकल्प और विकास ही प्राथमिकता’ है। क्षेत्र की जनता की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।

उन्होंने सांसद जैन के पूर्ववर्ती महापौर कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस दौरान आगरा शहर में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट की शुरुआत, रात्रिकालीन सफाई अभियान, महापुरुषों की मूर्तियों की स्थापना, ओपन जिम का निर्माण और सीवर व खड़ंजे की समस्याओं का प्रभावी निस्तारण किया गया था।

वैभव जैन ने आगे बताया कि महापौर कार्यकाल के दौरान पूरे आगरा शहर में आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई थीं, जिससे शहर दूधिया रोशनी से जगमगा उठा था। इसके साथ ही पूरे शहर को स्वच्छता की शपथ दिलाने जैसे अनगिनत जनहित के कार्य संपन्न हुए थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनसेवा और विकास के इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आम जनता के जीवन को सुगम बनाया जा रहा है। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज जैन, मुकेश जैन, पूर्व मंत्री मुरारी लाल जैन, हरेश जैन, मुन्ना लाल जैन, पूर्व पार्षद सपना जैन, प्रवीण जैन, दीपक जैन, मुकुल गुलजार और भाजपा रावली मंडल महामंत्री आयुष जैन सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।