कुशीनगर में खूनी खेल: जीजा ने साली को गोली मारकर की हत्या, फिर खुद को भी उड़ाया; गांव में पसरा सन्नाटा

Crime

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक ऐसी वारदात हुई जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। बसडीला बुजुर्ग गांव में एक युवक ने अपनी साली की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। बंद कमरे के भीतर हुए इस खूनी खेल की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

खाना देने गई थी साली, तभी हुआ हमला

मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के गोपालगंज निवासी जितेंद्र प्रजापति की शादी करीब एक साल पहले शम्भू प्रजापति की बड़ी बेटी बेबी से हुई थी। जितेंद्र मंगलवार शाम को ही अपनी ससुराल आया था। बुधवार सुबह करीब 9 बजे, जितेंद्र की छोटी साली नैना प्रजापति (18) उसे खाना देने के लिए कमरे में गई थी। आरोप है कि इसी दौरान जितेंद्र ने उसे जबरन कमरे के अंदर खींच लिया और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया।

​चीख-पुकार और दो लाशें

बंद कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बदहवास होकर मौके पर दौड़े, लेकिन दरवाजा अंदर से लॉक था। सूचना पर पहुंची तमकुहीराज पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख सबकी रूह कांप गई। नैना और जितेंद्र दोनों खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे। शुरुआती जांच के मुताबिक, जितेंद्र ने पहले नैना को निशाना बनाया और फिर उसी हथियार से खुद को खत्म कर लिया।

जांच में जुटा प्रशासनिक अमला

वारदात की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा और एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद या कोई अन्य रंजिश थी, इसकी तफ्तीश की जा रही है। एक ही घर से दो अर्थियां उठने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।