लखनऊ में मड़ियांव फ्लाईओवर के नीचे कोहराम: तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो और ई-रिक्शा को रौंदा, एक युवक का पैर कटा, मची चीख-पुकार

Regional

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का मड़ियांव इलाका बुधवार सुबह उस वक्त दहल गया, जब एक बेकाबू और तेज रफ्तार डंपर ने सर्विस लेन में मौत का तांडव मचाया। फ्लाईओवर के नीचे सवारियों का इंतजार कर रहे ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। डंपर ने एक के बाद एक कई वाहनों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस भीषण हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक युवक का पैर शरीर से अलग हो गया।

सुबह 7 बजे मची तबाही

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7:00 बजे चंद्राढाल के पास हुआ। उस समय सर्विस लेन में ई-रिक्शा, सीएनजी ऑटो और बाइक सवार मौजूद थे। तभी मुख्य सड़क से भटककर एक डंपर अचानक सर्विस लेन में घुस आया। सबसे पहले उसने एक ऑटो को रौंदा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भरतनगर निवासी आशु गौतम नामक युवक डंपर और डिवाइडर के बीच फंस गया, जिससे उसका बायां पैर कट गया।

शिक्षिका समेत कई लोग घायल

हादसे की चपेट में स्कूल जा रही सरकारी शिक्षिका निधि भी आ गईं, जिनका पैर टूट गया है। इनके अलावा कुशीनगर निवासी अभय कुमार सिंह की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। ऑटो चालक पंकज और श्याम सुंदर भी इस हादसे में घायल हुए हैं। घटना के तुरंत बाद डंपर का चालक और खलासी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस और सिविल डिफेंस का रेस्क्यू

सूचना मिलते ही मड़ियांव पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों के नीचे से निकालकर एंबुलेंस के जरिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। सड़क पर बिखरे खून और गाड़ियों के मलबे को देखकर वहां मौजूद लोग दहशत में नजर आए।

​दोषियों की तलाश जारी

मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक और खलासी की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घायलों का उपचार जारी है और पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।