आगरा: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता का जश्न ताजनगरी में भी पूरी भव्यता के साथ मनाया गया। भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर एकत्रित होकर जीत का उत्सव मनाया। सुबह से ही कार्यालय पर लगी बड़ी स्क्रीन के सामने कार्यकर्ताओं की नजरें टिकी थीं और जैसे ही दोपहर 12 बजे के बाद रुझान जीत में तब्दील हुए, पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
बंगाल का नया उदय और सुशासन की जीत
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में यह जीत पश्चिम बंगाल के लिए एक नए युग की शुरुआत है। उन्होंने इसे भाजपा की विजय की ‘सुनामी’ करार देते हुए कहा कि यह डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मस्थली पर उन्हें दी गई सच्ची श्रद्धांजलि है।
सबका साथ, सबका विकास पर अटूट विश्वास
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री मोदी की उस सोच का प्रतीक है जो समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में बदलाव ला रही है। वहीं, राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने इसे राष्ट्र प्रथम और सुशासन की भावना के प्रति जनता का अटूट विश्वास बताया।
नारी शक्ति और कानून व्यवस्था का असर
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने जीत का विश्लेषण करते हुए कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ और महिला सशक्तिकरण की योजनाओं के कारण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाजपा को आशीर्वाद दिया। पूर्व मंत्री और विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने तुष्टिकरण और दमन चक्र को नकार कर विकास की गंगा बहाने के लिए भाजपा को चुना है।
आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण
जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। फूलों की वर्षा के बीच ढोल-नगाड़ों पर झूमते भाजपाइयों ने इस दिन को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
जश्न के इस माहौल में एमएलसी विजय शिवहरे, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, राहुल सागर, दीपू जादोन, मनवीर चौहान, निर्मला दीक्षित, मंजू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

