चीन में बड़ा विमान हादसा, 133 यात्रियों को ले जा रहा प्लेन क्रैश हुआ, राहत और बचाव कार्य जारी

INTERNATIONAL

चीन में 133 यात्रियों को ले जा रहे चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस के एक विमान का गुआंग्शी के क्षेत्र में दुर्घटना ग्रस्त हो गया। यह विमान कुनमिंग से ग्वांगझू जा रहा था। दक्षिण चीन इलाके में पहाड़ से टकराने के बाद विमान में आग लग गई।

दुर्घटना में शामिल जेट बोइंग 737 विमान था। न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की तरफ से यह जानकारी दी गई है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है।

चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स के अनुसार इस बोइंग ने दक्षिण पश्चिम युन्नान प्रांत के कुनमिंग चांगशुई एयरपोर्ट से दोपहर करीब 1.15 बजे उड़ान भरी थी। यह दक्षिण चीन के गुआंगडोंग प्रांत के गुआंगझू एयरपोर्ट पर दोपहर 3.07 पर उतरने वाला था।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि राहत व बचाव टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 162 सीटर है। इसमें 12 सीटें बिजनेस क्लास की और 150 सीटें इकानॉमी क्लास की हैं।

शेयर 10 फीसदी गिर गए

यह विमान चायना ईस्टर्न एयरलाइंस की युन्नान प्रांत की सहायक कंपनी का था। यह जून 2015 में एयरलाइंस को सौंपा गया था। इस तरह इसने अब तक मात्र 6.5 साल ही उड़ान भरी थी। हादसे की खबर फैलते ही अमेरिकी शेयर बाजार खुलने के पूर्व कारोबार (premarket) में सूचीबद्ध चायना ईस्टर्न एयरलाइंस के शेयर 10 फीसदी गिर गए।

चीन का हवाई सुरक्षा रिकॉर्ड विश्व में श्रेष्ठ चीन में सुरक्षित हवाई सेवाओं के चलते 19 फरवरी 2022 को देश के नागरिक विमानन व परिवहन विमानों का सतत सुरक्षित उड़ान समय बढ़ाकर 10 करोड़ घंटे किया गया था। चीन के नागरिक विमानों की सुरक्षा का रिकॉर्ड विश्वभर में श्रेष्ठ है।

-एजेंसियां