बड़ा खुलासा: अतीक की विदेश में भी है संपत्ति, दुबई में फ्लैट

Regional

अतीक अहमद ने प्रयागराज में अपने खौफ का कारोबार चलाया था। वहां वह कारोबारियों और लोगों से उगाही कर पैसों को कई स्थानों पर लगाता था। इन संपत्तियों की जानकारी अतीक के राजदार खान शौलत हनीफ के पास भी है। वह वकील होने के साथ-साथ अतीक के काले कारनामों को कानूनी जामा पहनाने का कार्य करता था। शौलत ने पुलिस कस्टडी में लिए जाने के बाद पूछताछ में खुलासा किया है कि माफिया डॉन की विदेश में भी संपत्ति है।

दुबई में खरीदा था फ्लैट

पुलिस की पूछताछ में विदेशों में अतीक के पैसे खपाए जाने की भी जानकारी सामने आई है। अतीक अहमद के दुबई में एक फ्लैट लेने का खुलासा वकील ने किया। शौलत ने बताया कि अतीक ने सऊदी अरब में कारोबारी के जरिए बिजनेस में भी पैसे लगाए थे। शौलत हनीफ ने माना है कि अतीक अहमद के इन संपत्तियों के सारे दस्तावेज वही तैयार करता था।

शौलत ने सद्दाम का लिया है नाम

दुबई में रुपए लगाए जाने के मामले में सद्दाम का नाम सामने आया है। शौलत हनीफ ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि दानिश अजीम उर्फ अशरफ के साले सद्दाम ने अतीक को दुबई में पैसे लगाने के लिए मनाया था। सद्दाम कई बार दुबई गया था। बरेली में उसके खिलाफ कई मामले पहले से दर्ज हैं। बरेली पुलिस ने सद्दाम के खिलाफ एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।

सूत्रों की ओर से दावा किया जा रहा है कि अतीक ने काली कमाई सद्दाम के जरिए दुबई में लगाई थी। वकील ने कहा कि दुबई में फ्लैट किसके नाम पर है? इस सवाल का जवाब सद्दाम ही दे सकता है। उसी से पूछताछ में इसका पता चलेगा।

करेली के भी शख्स की भी संलिप्तता

दुबई में काली कमाई को खपाए जाने के मामले में अब करेली के भी एक शख्स का नाम सामने आ रहा है। पुलिस इस नाम को वेरिफाई कर रही है। इसके बाद उसके खिलाफ भी जांच शुरू हो सकती है। उस शख्स के बारे में कहा जा रहा है कि वह अरब में इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का काम करता है। वह वहां बड़ा कारोबारी है। जांच एजेंसियों को जो इनपुट मिले हैं, उसके आधार पर अब छानबीन का दायरा बढ़ गया है। मामला अब प्रयागराज से दुबई तक पहुंचता दिख रहा है। इसके आधार पर जांच की दिशा में बदलाव होना तय माना जा रहा है।

Compiled: up18 News