लखनऊ। भोजपुरी के सुपरस्टार और भाजपा नेता पवन सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनके गानों या राजनीति नहीं, बल्कि एक पार्टी में हुआ विवाद है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में पवन सिंह गुस्से में एक शख्स की तरफ बढ़ते नजर आ रहे हैं, हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और लोगों ने उन्हें रोक लिया।
जानकारी के मुताबिक, पवन सिंह लखनऊ में अपने दोस्त और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की बर्थडे पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी में पवन सिंह की मां और अभिनेत्री महिमा सिंह भी मौजूद थीं। शुरुआती माहौल पूरी तरह मस्ती भरा था। पवन सिंह ने अपने चर्चित गाने ‘राजाजी’ पर डांस किया और पार्टी का आनंद लेते दिखाई दिए।
कमेंट पर बिगड़ा माहौल
बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान किसी व्यक्ति ने ऐसा कमेंट कर दिया, जो पवन सिंह को पसंद नहीं आया। इसके बाद उनका मूड अचानक बदल गया और वह गुस्से में उस शख्स की ओर बढ़ने लगे। इसी बीच वहां मौजूद गार्ड्स और अन्य लोगों ने उन्हें रोककर स्थिति संभाल ली।
वीडियो में क्या दिखा?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मंच पर शिल्पी राज और विजय चौहान गाना गा रहे थे। उसी दौरान कुछ लोग मंच के पास आकर नाचने लगे, जहां पवन सिंह भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पवन सिंह और उनकी सिक्योरिटी ने उन्हें हटने के लिए कहा, इसी बात पर किसी ने टिप्पणी कर दी और विवाद बढ़ गया।
वीडियो में पवन सिंह माइक लेकर कहते सुने जा सकते हैं “आज न बहुत सालों के बाद मेरा मन हुआ है… मिजाज हुआ है कि मैं कुछ सुनूंगा… हैलो, हैलो… कौन हो तुम… मुझे सुनने दो… डोंट डिस्टर्ब मी…”
सुरक्षा कर्मियों ने टाला बड़ा विवाद
घटना के दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों और पार्टी में मौजूद लोगों ने समय रहते पवन सिंह को रोक लिया, जिससे मामला आगे नहीं बढ़ा। फिलहाल इस विवाद को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।


