आगरा। ताजनगरी के होटल हॉलिडे इन में बुधवार को ग्लैमर, प्रेरणा और बौद्धिक विमर्श का संगम देखने को मिला। मौका था प्रतिष्ठित संस्था ‘स्पाइसी शुगर’ के बहुप्रतीक्षित सीजन-7 के शुभारंभ का। इस भव्य आयोजन में बॉलीवुड के वर्सेटाइल अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने अपनी विशेष उपस्थिति से चार चांद लगा दिए। संस्था की संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाना और उनके व्यक्तित्व को नई पहचान देना रहा।
दीप प्रज्ज्वलन से हुई उत्सव की शुरुआत
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि अपारशक्ति खुराना, जानी-मानी समाजसेवी डॉ. रंजना बंसल और पूनम सचदेवा ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। चांदनी ग्रोवर, पावनी सचदेवा और शिखा जैन ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान पूनम सचदेवा ने ‘स्पाइसी शुगर’ की सात सालों की गौरवशाली यात्रा और उपलब्धियों को साझा किया।
संवाद सत्र: आरजे से स्टार बनने तक का अनकहा सफर
कार्यक्रम का सबसे जीवंत हिस्सा रहा अपारशक्ति खुराना के साथ हुआ ‘टॉक शो’। पूनम सचदेवा के तीखे और रोचक सवालों का जवाब देते हुए अपारशक्ति ने अपनी जिंदगी की कई परतें खोलीं उन्होंने बताया कि ‘अपारशक्ति’ नाम उनके माता-पिता की दी हुई वह ताकत है, जिसने उन्हें असीम संभावनाओं पर यकीन करना सिखाया।
आयुष्मान खुराना के साथ अपने रिश्ते पर उन्होंने कहा कि भाई उनकी प्रेरणा हैं, लेकिन अपनी अलग पहचान बनाना ही उनका असली संघर्ष और जीत रही। फिल्म ‘स्त्री’ को उन्होंने अपने जीवन का निर्णायक मोड़ बताया, जबकि ‘जुबिली’ और ‘बर्लिन’ जैसे प्रोजेक्ट्स को अपनी अभिनय यात्रा का परिपक्व पड़ाव करार दिया।
ठहाकों और सुरों से सजी शाम
पर्सनल लाइफ पर बात करते हुए अपारशक्ति ने मजाकिया अंदाज में कहा, “घर में बहस कितनी भी बड़ी हो, जीत हमेशा पत्नी की ही होती है।” उनकी इस बात पर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। सत्र के अंत में उन्होंने महिलाओं को समर्पित एक मधुर गीत सुनाया और रैपिड फायर राउंड में अपने हाजिरजवाब अंदाज से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर सिमरन आहूजा, रेनू लांबा, शिखा, चांदनी, शिल्पा, शिवानी, माला, गरिमा, कोमिला, श्वेता, हरमीत, पावनी, माला खेरा, पूजा सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।

