आगरा: विवाहिता की मौत से आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

Crime

आगरा: विवाहिता की मौत से आक्रोशित होकर विवाहिता के परिजनों ने ईदगाह रेलवे पुल पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मृतका के परिजन और छोटे-छोटे बच्चे नारेबाजी करने लगे और आरोपी युवक की गिरफ्तारी के साथ ही उसे फांसी की सजा देने की मांग होने लगी। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्रीय पुलिस ने बमुश्किल लोगों को समझाया बुझाया और जाम खुलवाया लेकिन घंटों तक जाम लगे रहने से हर कोई कराहता रहा।

ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

मामला शाहगंज थाना क्षेत्र के सराय ख्वाजा पुलिस चौकी के अंतर्गत रसूलपुर का है। बताया जाता है कि मृतका निशा की शादी 11 नवंबर 2021 को रसूलपुर निवासी नईम के साथ हुई थी। मृतका की बहन ने बताया कि निशा का पति अक्सर उसे परेशान रखता था जिससे झगड़े हुआ करते थे। बीती रात नईम निशा से मिलने के लिए घर आया था। दोनों को ऊपर बात करने के लिए भेज दिया गया लेकिन जब 1 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद ऊपर से कोई नहीं लौटा तो ऊपर जाकर देखा तो निशा के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और वह फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। नईम वहां से फरार हो गया था। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप

मृतका निशा के परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही पति उसे परेशान करता था। अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट किया करता था। नईम सिलाई का काम करता है और उसके परिजन भी उसे एक साथ में रहते थे जिससे अतिरिक्त दहेज की मांग बढ़ने लगी और इसी के चलते निशा और नईम में झगड़े भी होने लगे।

हत्या के बाद दूसरी छत से भागा नईम

जाम लगाने वाले मृतका के परिजनों का आरोप है कि निशा की हत्या कर दी गई और उसके बाद उसका पति दूसरे घर की छत से कूदकर फरार हो गया। निशा के साथ क्या हुआ इसकी कोई जानकारी नहीं हुई। जब ऊपर जाकर देखा तो स्थिति की जानकारी हुई। इस घटना को अंजाम देने के बाद नईम के साथ-साथ उसके परिजन भी फरार हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाया। कहा कि निशा के साथ इंसाफ होगा और आपको भी इंसाफ मिलेगा। पुलिस ने बमुश्किल मृतका के परिजनों को समझाया और फिर कहीं जाकर घंटे बाद जाम खुल सका।