आगरा: बाइक से जा रहे कर्मचारी की बस की टक्कर से मौत, नगर निगम में शव रखकर हंगामा

स्थानीय समाचार

आगरा: बाइक से जा रहे नगर निगम कर्मशाला में आउटसोर्सिंग चालक मुरारी लाल पुत्र स्व. कप्तान सिंह की सुभाष पार्क के निकट बस की टक्कर से मौत हो गई। साथी की मौत से आक्रोशित निगम कर्मियों ने नगर निगम परिसर में मृतक का शव रखकर दस लाख मुआवजा एवं उसकी पत्नी को नौकरी देने की मांग की। प्रदर्शनकारी मुआवजा दिए जाने के लिखित आश्वासन पर ही माने।

बताया जाता है कि मुरारीलाल रोजाना की भांति आज गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े छह बजे मोटर साइकिल से कर्मशाला टीपी नगर जा रहा था तभी सुभाष पार्क के पास तेज गति से आ रही राज कल्पना ट्रेवल्स की बस ने उसको टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। बस चालक ने नगर निगम के एक अन्य एक्टिवा पर सवार संविदा सफाई मित्र को भी टक्कर मारी। वह भी घायल हो गया। मुरारी लाल को जब लोग सरोजनी नायडू अस्पताल ले गए तो वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

साथी की मौत की जानकारी जैसे ही कर्मचारियों को हुई, उन्होंने थाना नाई की मंडी का घेराव कर लिया। थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद निगम कर्मियों ने शव को नगर निगम परिसर में रख कर दस लाख रुपये मुआवजा एवं उसकी पत्नी को नौकरी देने की मांग की।

सहायक नगर आयुक्त डा अश्वनी कुमार ने लिखित में आश्वासन दिया कि नगर निगम के विधान के अनुरूप मृतक आश्रितों को मुआवजा दिया जाएगा। इस पर सभी कर्मचारी मान गए, पर चेतावनी भी दी की मुआवजा नहीं मिला तो कर्मशाला से एक भी कूड़ा गाड़ी नहीं निकाली जाएगी जिसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।