अमृतपाल सिंह के गनर तजिंदर सिंह गिल को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार

Regional

खन्ना के डीएसपी हरसिमरत सिंह ने बताया कि तजिंदर सिंह गिल के रूप में पहचाने गए व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतपाल सिंह के साथ गनमैन का काम करता था। उसके सोशल मीडिया पर हथियार लिए उनकी तरह-तरह की तस्वीरें देखी जा सकती हैं। जब रिकॉर्ड चेक किया गया तो पता चला कि उसके पास बंदूक का लाइसेंस नहीं था।

डीएसपी हरसिमरत सिंह ने बताया कि उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वह अजनाला कांड में भी शामिल था। आगे की जांच चल रही है।

सोशल मीडिया पर हैं हथियारों से लैस तस्वीरें

पुलिस द्वारा पकड़ा गया तजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा अमृतपाल के निजी गनमैन के रूप में काम कर रहा था। हर वक्त हथियारों से लैस रहने वाले गोरखा बाबा इंटरनेट मीडिया पर भी सक्रिय था और उसकी हथियारों के साथ कई फोटो भी वायरल हुई थी

जानकारी के अनुसार अमृतपाल सिंह के हमेशा साथ रहने वाला गोरखा बाबा पायल के गांव मांगेवाल का रहने वाला है। वह अजनाला कांड के वक्त भी अमृतपाल के साथ ही था। वह अमृतपाल के गनमैन के रूप में ही काम करता था। बताया जाता है कि अजनाला कांड मामले में भी उसे नामजद किया गया था।

अमृतपाल के साथ रहता था तजिंदर

डीएसपी पायल हरसिमरत जीत सिंह ने बताया कि तजिंदर सिंह काफी समय से अमृतपाल के साथ ही रहता था। हथियारों के साथ तस्वीरें वायरल होने के बाद उस पर पुलिस की नजर पड़ी और मलौद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। उसके खिलाफ मलौद थाना में भी केस दर्ज किया गया है।

डीएसपी ने बताया कि तजिंदर सिंह के साथ रहने वाले कुछ और लोग भी हिरासत में लिए गए थे। तजिंदर सिंह के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी व मारपीट के केस दर्ज हैं। एक केस में वह सजा भी काट चुका है।

Compiled: up18 News