आगरा में हरियाली तीजोत्सव मेला 22 अगस्त को, भारतीय संस्कृति और नारी स्वावलंबन का दिखेगा संगम

विविध

आगरा। भारत विकास परिषद संकल्प, आगरा बृज प्रांत द्वारा भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठ परंपराओं एवं संस्कारों के उन्नयन, प्रचार-प्रसार तथा महिला स्वावलंबन के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से हरियाली तीजोत्सव मेला का आयोजन 22 अगस्त को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में दोपहर 3 बजे से किया जाएगा। आयोजन की उद्घोषणा के अवसर पर प्रताप नगर स्थित बुर्जी वाला मंदिर में कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ व्यंजन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

जानकारी देते हुए संरक्षक डॉ. तरुण शर्मा एवं कीर्ति शर्मा ने बताया कि यह मेला पूर्ण रूप से महिलाओं को समर्पित होगा। इसमें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही भारत विकास परिषद के एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत महिलाओं की निशुल्क हीमोग्लोबिन जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा तथा कुशल चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा।

मेला प्रभारी रुक्मन अग्रवाल एवं मेला स्वागत अध्यक्ष रचना अग्रवाल ने बताया कि मेले में भारतीय संस्कृति की मूल परंपराओं को जीवंत करते हुए लोकगीत एवं मल्हार गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसका शुभारंभ शाम 4 बजे होगा। प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में कम से कम 4 और अधिकतम 6 महिलाओं का होना अनिवार्य रहेगा। इसमें मांगलिक अवसरों पर गाए जाने वाले ब्रज लोकगीत एवं मल्हार की ही प्रस्तुतियां दी जाएंगी। महिलाएं ढोलक एवं मजीरा के साथ अपनी प्रस्तुति देंगी।

मेला संयोजक वर्षा गर्ग एवं शकुन गर्ग ने बताया कि तीजोत्सव मेले में मेहंदी प्रतियोगिता, विविध वेशभूषा प्रतियोगिता, राखी थाल सज्जा प्रतियोगिता, आदर्श मां-बेटी, सास-बहू प्रतियोगिता तथा संकल्प श्रीमुखी तीज प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विविध वेशभूषा प्रतियोगिता में केवल पौराणिक पात्रों—रामायण, महाभारत, देवी-देवता, संत एवं ऋषि आदि—पर आधारित वेशभूषा धारण करनी होगी।
संकल्प श्रीमति तीज प्रतियोगिता में विशेष रूप से विवाहित महिलाएं ही भाग ले सकेंगी और प्रतियोगिता में भारतीय परिधान में प्रस्तुति देना अनिवार्य होगा।

उद्घोषणा समारोह के साथ आयोजित व्यंजन प्रतियोगिता में रेनू सिंह, दिव्या बंसल, निशि, मोनिका, नेहा जैन, रुना शर्मा एवं वत्सला ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में महिलाओं ने विभिन्न पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रस्तुति देकर अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया।

नीलम गोयल, किरण कपूर, रूबी मोदी, डॉ अंशु अग्रवाल, अंबा प्रसाद गर्ग, शालू अग्रवाल, टीटू गोयल, आशीष अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, विजय जैन, संजय कपूर आदि उपस्थित रहे।