दादरी (नोएडा): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछ चुकी है और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दादरी की जनसभा से लोकलुभावन घोषणाओं की झड़ी लगा दी है। अखिलेश ने रविवार को महिलाओं, युवाओं और किसानों को साधने के लिए कई बड़े चुनावी वादे किए, जिनमें ‘समाजवादी पेंशन’ की बहाली और महिलाओं को सालाना बड़ी आर्थिक मदद शामिल है।
आधी आबादी के लिए ‘बड़ा कार्ड’
अखिलेश यादव ने महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन पर जोर देते हुए कहा, “सपा की सरकार आने पर हमारी गरीब माताओं-बहनों को हर साल 40 हजार रुपये देकर उनका सम्मान बढ़ाया जाएगा।” साथ ही उन्होंने पिछली सपा सरकार की महत्वाकांक्षी ‘समाजवादी पेंशन योजना’ को दोबारा शुरू करने का एलान किया। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वूमेन पावर लाइन (1090) को और अधिक आधुनिक और मजबूत बनाया जाएगा।
संविधान और आरक्षण पर तीखा हमला
भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि सत्तापक्ष को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान पर रत्ती भर भी भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा, “संविधान हमें वह ताकत देता है जो लोहे की तलवार से भी ज्यादा मजबूत है। 400 पार का नारा देकर जो लोग संविधान बदलने की साजिश रच रहे थे, जनता ने उन्हें 2024 में ‘अंडरग्राउंड’ कर दिया। लेकिन जब तक भाजपा सत्ता में है, संविधान पर खतरा बरकरार है।”
पेपर लीक और नौकरियों का मुद्दा
युवाओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में कभी सरकारी नौकरी रही ही नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण से बचने के लिए जानबूझकर पेपर लीक कराए जाते हैं ताकि पिछड़ों और दलितों को उनके हक से वंचित रखा जा सके।
किसानों और विकास का श्रेय
नोएडा और जेवर के विकास पर बोलते हुए अखिलेश ने दावा किया कि जेवर एयरपोर्ट के लिए एनओसी (NOC) दिलाने का काम समाजवादी पार्टी ने ही किया था। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि आगामी सपा सरकार में किसानों की जमीन ‘बाजार दर’ पर ली जाएगी और उन्हें विकास में बराबर का हिस्सेदार बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के लिए संविधान की रक्षा करना ‘जन्म-मरण’ का प्रश्न है।

