लखनऊ/वाराणसी: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी ने अपनी प्रदेश इकाई के नेतृत्व में एक बहुत बड़ा और रणनीतिक बदलाव किया है। पार्टी हाईकमान ने अजय राय को हटाकर उनकी जगह वरिष्ठ नेत्री आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस बड़े फेरबदल के बाद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने आराधना मिश्रा को नया प्रदेश अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई दी है और साथ ही अपने कार्यकाल को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है।
राहुल गांधी और शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
वाराणसी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा गया था। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और आदरणीय राहुल गांधी के समर्थन और भरोसे की बदौलत, हमने वाराणसी लोकसभा सीट पर 4.6 लाख वोट हासिल किए और शुरुआती सात राउंड में पीएम मोदी को कड़ी टक्कर देते हुए पीछे छोड़ा। मुझ पर इतना बड़ा भरोसा जताने और मौका देने के लिए मैं राहुल गांधी सहित पूरी केंद्रीय लीडरशिप का दिल से शुक्रिया अदा करता हूँ।”
आराधना मिश्रा ‘मोना’ को दी शुभकामनाएं
नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए अजय राय ने कहा, “मुझे पूरी उम्मीद है कि वह बहुत कड़ी मेहनत करेंगी, कांग्रेस पार्टी को प्रदेश में आगे ले जाएंगी और राज्य की मौजूदा सरकार के दमन व अन्याय के खिलाफ कार्यकर्ताओं के साथ चट्टान की तरह खड़ी होकर उनका हौसला और भरोसा मजबूत करेंगी। वह हमेशा अपने कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहेंगी।”
’राजनीति में पद आते-जाते रहते हैं’
अपने पद से हटाए जाने के सवाल पर बेबाक अंदाज में अजय राय ने कहा, “राजनीति में पद आते-जाते रहते हैं, यह कोई नई बात नहीं है। मैं उत्तर प्रदेश की पिंडरा विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुका हूँ और मैंने हमेशा जनता के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया है। जरूरत पड़ने पर अपने परिवार के माध्यम से लोगों के लिए रक्तदान का इंतजाम करने से लेकर हरसंभव मदद की है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी कर्मचारियों, ड्राइवरों, ऑफिस स्टाफ, जमीनी कार्यकर्ताओं और अपने सभी समर्थकों का विशेष आभार व्यक्त करता हूँ, जो हर मुश्किल वक्त में मेरे साथ मजबूती से खड़े रहे। पूरे उत्तर प्रदेश में मेरी जितनी भी राजनीतिक यात्राएं हुईं, उन सभी के दौरान इन लोगों ने मेरी भरपूर मदद की। जब भी प्रदेश में कहीं भी दमन या अन्याय हुआ, हम सबने मिलकर हमेशा उसके खिलाफ आवाज उठाई है।”
कांग्रेस पार्टी का यह नया नेतृत्व परिवर्तन 2027 के विधानसभा चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, और अब सभी की निगाहें नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ की आगामी रणनीतियों पर टिकी हुई हैं।
