आगरा के कुख्‍यात सट्टेबाज आरिफ की 4.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क

City/ state Regional

आगरा के सट्टेबाज आरिफ के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मंटोला थाना क्षेत्र स्थित आरिफ की संपत्ति पर पुलिस की कार्रवाई ने सट्टा माफिया के होश उड़ा दिए हैं। उसके खिलाफ 27 मुकद्दमे दर्ज हैं।

एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि 4.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है। आरिफ के खिलाफ 27 मुकदमे दर्ज हैं। वह जमानत पर बाहर आ गया है। इस पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरिफ सट्टे और जुए का बड़ा माफिया है।

मंटोला थाना क्षेत्र में चल रही पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुट गए। यहां भारी तादाद में फोर्स भी मौजूद रही। इस दौरान आरिफ के 6 मकान, दो बैंक खाते और दो स्कूटर को कुर्क किया गया है। इस दौरान माइक से अनाउंस भी कराया गया।

मुनादी की और कुर्की का नोटिस चस्पा किया

शुक्रवार सुबह एसीएम ने भारी पुलिस बल के साथ थाना मंटोला क्षेत्र में बड़े सटोरिये और जुआरी आरिफ उर्फ गुड्डू और उसके साथी लखन, विष्णु, शेखर और देवेंद्र ठाकुर उर्फ डीके के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने सर्वप्रथम आरिफ के घर पर मुनादी की और कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया।

यह सभी लोग साथ मिलकर जुआ और सट्टा कराते थे। आरिफ उर्फ गुड्डू पर कार्रवाई करने लिए पुलिस का अच्छा खासा इंतजाम था क्योंकि आरोपी का जहां आवास स्तिथ है, वह घनी बस्ती है। ऐसे में जिला प्रशासन के साथ अत्यधिक पुलिस फोर्स तैनात था।

एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि आरिफ एक शातिर किस्म का अपराधी है। उसने अपराध के दम पर अकूत संपत्ति इकटठी की है। उसके ऊपर गैंगस्टर भी लगी हुई है। जिलाधिकारी ने ही उसकी संपत्ति कुर्क करने के निर्देश दिए थे। जिला प्रशासन ने आरिफ और उसकी पत्नी के बैंक खाते, दो पहिया वाहन और करीब 6 घर जब्त किये हैं। जिसकी कीमत करीब 4.50 करोड़ बताए जा रहे हैं।

-एजेंसियां