एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग चीनी जासूसी और अफेयर विवाद में घिरे; अमेरिकी भूचाल के बीच शेयरों में गिरावट से डूबे 24 लाख करोड़ रुपये

INTERNATIONAL

वाशिंगटन डीसी। अपनी खास काली लेदर की जैकेट को अपनी पहचान बनाने वाले दिग्गज चिप मेकर कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेनसन हुआंग इन दिनों अपनी कंपनी की शानदार सफलताओं को लेकर नहीं, बल्कि एक बड़े व्यक्तिगत और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विवाद के चलते सुर्खियों में हैं। उनका एक चीनी महिला के साथ कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर ऐसा तूल पकड़ चुका है, जिसने अमेरिका के राजनीतिक गलियारों और तकनीकी जगत में भूचाल ला दिया है।

हुआंग पर न केवल अपनी पत्नी और परिवार को, बल्कि सीधे तौर पर अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को भी धोखा देने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी माने जाने वाले हुआंग का यह मामला अब जासूसी के दायरे में पहुँच चुका है, जिससे वैश्विक निवेशक और टेक बाजार सकते में हैं।

कौन है जासूसी के घेरे में आई चीनी महिला?

63 वर्षीय जेनसन हुआंग ने एनवीडिया के कर्मचारियों के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्नी से क्षमा माँगी है। जिस चीनी महिला के साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा है, उस पर अमेरिका की खुफिया जानकारियाँ लीक करने और चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है। दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस अफेयर की भनक पहले से थी।

​आरोप है कि इस चीनी महिला, जिसका नाम एलिस हुआंग बताया जा रहा है, को चीन के स्टेट सिक्योरिटी मंत्रालय द्वारा बीजिंग के लिए खुफिया जानकारी जुटाने और सीईओ को प्रभावित करने का जिम्मा सौंपा गया था। इसका मकसद अमेरिका द्वारा एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स के चीन को निर्यात पर लगाई गई सख्त पाबंदियों में ढील दिलवाना था। पिछले दिनों जेनसन हुआंग ने अमेरिकी प्रशासन से चीन को चिप एक्सपोर्ट करने की अनुमति देने की अपील भी की थी, जिसके बाद इन संदेहों को और बल मिला है।

​4.8 अरब डॉलर की डील और सिंगापुर का एंगल

‘न्यूयार्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, एलिस हुआंग पूर्व में एक टीवी एंकर रह चुकी हैं, जो बाद में सिंगापुर की एक टेक फर्म ‘मेगास्पीड इंटरनेशनल’ में उच्च पद पर तैनात थीं। यह कंपनी एनवीडिया से भारी मात्रा में चिप्स खरीदती थी। जून 2024 में मेगास्पीड ने एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से अधिक के चिप खरीदे थे। अब आरोप यह लग रहे हैं कि इसी कंपनी की आड़ और सिंगापुर के रास्ते अमेरिकी तकनीक वाले एडवांस चिप्स चुपचाप चीन तक पहुँचाए गए हैं।

​क्या जाएगी जेनसन हुआंग की कुर्सी?

इस पूरे घटनाक्रम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया के सवालों का सीधा जवाब देने से बचते हुए जेनसन हुआंग को एक ‘बेहतर इंसान’ बताया और कहा कि उन्होंने अमेरिका के लिए उल्लेखनीय काम किया है। ट्रंप ने यहाँ तक कहा कि वे हुआंग को अपनी आगामी चीन यात्रा पर भी साथ ले जाएंगे और उन्हें अपने पद पर बने रहना चाहिए। हालांकि, जानकारों का मानना है कि मामला सीधे तौर पर विदेशी जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण इतना आसान नहीं है।

एनवीडिया के बोर्ड ने स्वतंत्र निवेशकों को इस बात की उच्चस्तरीय जाँच करने का निर्देश दिया है कि क्या इस अफेयर के चक्कर में कंपनी का कोई गोपनीय ट्रेड सीक्रेट लीक हुआ है या नहीं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की देखरेख में गोपनीय रिपोर्ट तैयार की जा रही है, और अमेरिकी संसद (कांग्रेस) ने भी हुआंग से इस पर स्पष्टीकरण माँगा है। यदि जाँच में सुरक्षा से समझौते की बात साबित होती है, तो हुआंग को सीईओ का पद छोड़ना पड़ सकता है।

एनवीडिया का सफर और बड़ा वित्तीय नुकसान

​दुनिया की सबसे बड़ी चिप मेकिंग कंपनियों में शुमार एनवीडिया एआई मॉडल्स को ट्रेन करने और चलाने के लिए आवश्यक एडवांस चिप्स बनाती है। कुछ समय पहले तक कंपनी का मार्केट कैप 4.50 ट्रिलियन डॉलर तक पहुँच गया था, जो भारत की कुल जीडीपी से भी ज्यादा है। जेनसन हुआंग का संघर्षपूर्ण जीवन— वेटर और बर्तन धोने वाले से लेकर दुनिया के टॉप अमीरों की सूची में शामिल होने तक— एक मिसाल रहा है।

हालांकि, इस ताजा जासूसी और अफेयर विवाद के चलते एनवीडिया के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली है। शेयर का भाव गिरकर $176.39 पर आ गया है और पिछले कुछ हफ्तों में इसमें भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस सिंगल विवाद के कारण एनवीडिया के कुल मार्केट वैल्यू में करीब 24 लाख करोड़ रुपये की भारी-भरकम सेंध लग चुकी है, जिससे ग्लोबल टेक मार्केट में चिंता का माहौल है।