आगरा: युवक ने जहर पीते हुए परिजनों को भेजा वीडियो, फिर मरियम टॉम्ब बन गया झगड़े का अखाड़ा

Crime

आगरा: जहर पीते हुए एक युवक ने अपनी पत्नी और परिजनों को वीडियो भेज दिया। इस वीडियो के बाद दो पक्षों में जमकर तकरार हुई। आगरा दिल्ली हाइवे स्थित संरक्षित स्मारक मरियम टॉम्ब झगड़े का अखाड़ा बन गया। झगड़े के दौरान एक परिवार ने दूसरे पक्ष पर अपने बेटे को जहर पिलाने का आरोप लगाया। परिवार ने जिस पर जहर पिलाने का आरोप लगाया वह एएसआई कर्मचारी है। हंगामा और झगड़े की सूचना की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दूसरे पक्ष को समझा-बुझाकर फिरोजाबाद में ही कार्रवाई कराने की बात कही।

जानकारी के मुताबिक मरियम टॉम्ब स्मारक पर तैनात पुरातत्व कर्मचारी दिव्यांग अशोक कुमार सोमवार को अपनी ससुराल फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर गए थे। यहां उन्होंने अपने साले और परिवार के मित्र वीरू कुमार के साथ बैठक की थी। देर रात वीरू ने अपनी पत्नी, मां और भाई राजा के मोबाइल पर एक वीडियो भेजा। वीडियो में वह एक शीशी में भरा पदार्थ पी रहा था। शीशी के रैपर पर पॉइजन लिखा हुआ था।

सुबह वीडियो देखने के बाद परिजन दहशत में आ गए। परिजनों ने थाना मक्खनपुर जिला फिरोजाबाद में लिखित तहरीर दी। वीरू की मां मीना देवी ने आरोप लगाया कि मरियम टॉम्ब के कर्मचारी अशोक की पत्नी से वीरू की काफी नजदीकी थी। इसी कारण इन लोगों ने मिलकर मेरे बेटे को उकसा कर जहर पिलवा दिया है और उसके साथ कोई अनहोनी कर दी है।

फिरोजाबाद में तहरीर देने के बाद मीना देवी अपने परिजनों को साथ लेकर मरियम टॉम्ब पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर अशोक की पत्नी और बेटी आ गई। अशोक पक्ष ने खुद को निर्दोष बताया और शाम 5 बजे वीरू के घर जाने की कहकर निकलने की बात कही।

हंगामे के बाद पुलिस ने वीरू के परिजनों को फिरोजाबाद जाकर पुलिस से बात करने और वहां की पुलिस द्वारा आकर गिरफ्तारी करने की बात कही है। वहीं अशोक ने देर शाम बताया है कि वीरू अपने घर पहुंच गया है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।