आगरा: 2100 निशानों के साथ श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल ने बल्केश्वर से जीवनी मंडी तक निकाली भव्य श्याम निशान यात्रा

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा। श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में आयोजित 14 वें चार दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार सुबह मंदिर परिसर से जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी मंदिर तक भव्य श्याम निशान यात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा के दौरान हाथों में श्याम बाबा का निशान थामे 2100 भक्त नर-नारी, खाटू नरेश का आकर्षक विशाल डोला, देवी-देवताओं की झांकियां, घोड़ों पर सवार रानी लक्ष्मीबाई के स्वरूप, दोपहिया वाहनों पर मराठी वेशभूषा में बेटियों का हुजूम, भजनों की स्वर लहरियां प्रवाहित करते बैंड वादक, दो ऊंट, अपनी जीप के साथ सुरक्षा के लिए मुस्तैद पुलिस के अधिकारी और श्याम बाबा के जयकारे लगाते हजारों भक्तों का नजारा कुछ ऐसा था जैसे श्रद्धा और आस्था का कोई रेला या मेला लगा हो।

मार्ग में देवी मैया के 9 नामों पर बने 9 द्वारों सहित कुल 14 विशाल आकर्षक द्वारों ने शोभा यात्रा मार्ग की शोभा को दोगुना कर दिया। जगह-जगह क्षेत्रवासियों और भक्तों ने शोभा यात्रा का स्वागत किया। पुष्प वर्षा की। खाटू नरेश की आरती उतारी और उनके दर्शन कर पुण्य लाभ लिया।

जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी मंदिर में भक्तों ने 2100 निशान अर्पित कर खाटू नरेश को जन्माष्टमी पर महालक्ष्मी मंदिर बल्केश्वर में विराजने का निमंत्रण दिया। इस दौरान हारे के सहारे श्याम प्यारे के जयकारे आकाश में गूँजते रहे। खाटू श्याम तुम्हारे चरणों में दो फूल चढ़ाने आए हैं भजन ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।

शुरू में, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, ट्रस्टी राधे कपूर और अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने संयुक्त रुप से श्याम बाबा के डोले पर आरती उतार कर निशान यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया।

यह रहे प्रमुख रूप से शामिल

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, ट्रस्टी राधे कपूर, अध्यक्ष संजय अग्रवाल, दुर्गेश शर्मा, अशोक सिंघल मामा, दिलीप भंडारी, संजीव अग्रवाल, विकास मित्तल श्याम, अविनाश राणा, रीतेश गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता, अनिल अग्रवाल, पवन सर्राफ, हरीश पंजवानी, आदर्श नंदन गुप्त, भोलानाथ अग्रवाल, सियाराम पवन कुमार कैटरर्स, राकेश अग्रवाल, ऋषभ बंसल, हेमेंद्र मोहता, मनोज सर्राफ, आनंद शर्मा, मनीष अग्रवाल, रोहित गोयल, आशीष गोयल, अखिलेश अग्रवाल, अजय अग्रवाल, अजय गुप्ता, मोहन गर्ग, आशीष सक्सेना, रामकुमार अग्रवाल, पवन सर्राफ, कौशल बंसल सर्राफ, गोपाल सिंघल, पार्षद हरिओम गोयल, निर्भय मित्तल और रमन अग्रवाल।

गाजों बाजों संग लाए मैया की पोशाक चुनरी

सुबह निशान यात्रा के बाद शाम को श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल से जुड़े सभी भक्त बल्केश्वर चौराहा स्थित शक्ति सुशील मंदिर से महालक्ष्मी मंदिर तक महालक्ष्मी मैया की पोशाक, चुनरी और झंडे को ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ लेकर आए। इस दौरान आतिशबाजी और भव्य लाइटिंग ने मन मोह लिया।

विशाल फूल बंगला, 56 भोग और भजन संध्या का होगा आयोजन

ट्रस्टी राधे कपूर और अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव के तीसरे दिन 19 अगस्त, शुक्रवार को महालक्ष्मी मां के दरबार में विशाल फूल बंगला और छप्पन भोग की झांकी के दिव्य दर्शन भक्तों को होंगे। वहीं देर शाम को जन्माष्टमी के अवसर पर खाटू नरेश का विशाल फूल बंगला और उनके दरबार में हरियाणा की मशहूर गायिका परविंदर पलक और आगरा के अंकुश शर्मा के साथ विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

-शीतल सिंह “माया”/up18news