एक साल में बेटिकट यात्रा करने वालों से आगरा रेल मंडल ने वसूला 14.04 करोड़ रुपये का जुर्माना

स्थानीय समाचार

1 साल में बेटिकट यात्रा करने वालों से आगरा रेल मंडल ने वसूले 14.04 करोड़ रुपये

आगरा: ट्रेनों में अवैध रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों और अवैध रूप से लगे ले जाने वाले यात्रियों पर रेलवे विभाग द्वारा शिकंजा कसा जा रहा है। आगरा रेल मंडल ने टिकट जांच के माध्यम से वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह अप्रैल-21 से मार्च-22 तक की अवधि में बिना टिकट, अनियमित टिकट धारक, बिना बुक्ड लगेज पर अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्रवाई की और इस कार्रवाई के दौरान एक साल में 253799 केस पकडे गये जिनसे जुर्माना स्वरूप रु 14.04 करोड़ प्राप्त हुए।

आगरा रेल मंडल ने एक साल में विभिन्न स्टेशनों पर टिकट चेकिंग अभियान चलाकर बिना टिकट यात्रा करने वाले 253140 केस पकड़े गए और उनसे कुल 14.03 करोड़ रेल राजस्व की वसूली की गयी। अनियमित तौर से यात्रा करने वाले 17 केस पकड़े गये जिनसे 11590 रुपये की रेल राजस्व की वसूली की गयी एवं बिना बुक किये सामान के कुल 642 केस पकड़े गये जिनसे कुल 1.59 लाख की रेल राजस्व की वसूली की गयी।
आगरा रेल मंडल की ओर से टिकट चेकिंग अभियान के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में टी टी ई/ मथुरा विपिन कुमार का रहा। उन्होंने सबसे अधिक राजस्व वसूला। उन्होंने वित्तीय वर्ष के दौरान 11421 केस पकड़े तथा 66.52 लाख रुपये रेलवे के खाते में जमा कराए। इस पूरी कार्यवाही में वह प्रथम स्थान पर रहे।

जनसम्पर्क अधिकारी आगरा प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि भविष्य में भी मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं आरक्षित/अनारक्षित यात्री गाडियों में नियमित रूप से सघन टिकट जाँच कराई जायेगी ताकि बिना टिकट यात्रियों की यात्रा पर अंकुश लगाया जा सके।

इतना ही नहीं पीआरओ ने यह भी कहा कि टिकट जाँच कर्मचारियों को इसी प्रकार अर्निंग को बढ़ाकर अधिक रेल राजस्व बढ़ाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है ताकि आगरा मंडल निरंतर नई ऊंचाई की ओर बढ़ सके।