आगरा पुलिस का कड़ा प्रहार: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी और महिला से लूट करने वाला बदमाश गिरफ्तार

Crime

आगरा। आगरा पुलिस ने अपराध और अपराधियों पर नकेल कसते हुए दो अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं। थाना बाह पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि थाना फतेहाबाद पुलिस ने तमंचे के बल पर महिला से लूटपाट करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को दबोचा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

बटेश्वर में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

थाना बाह क्षेत्र के अंतर्गत, पुलिस ने बटेश्वर निवासी संजीव वर्मा (पुत्र नाथूराम वर्मा) को गिरफ्तार किया है। उस पर एक नाबालिग किशोरी के साथ अश्लील हरकत करने और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह बटेश्वर में आरोपी की दुकान पर पायल ठीक कराने गई थी, जहाँ से आरोपी ने उसके साथ गलत व्यवहार शुरू किया। बाद में आरोपी उसके घर पहुँचा और वहां भी पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को बटेश्वर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया।

लूट का खुलासा, महिला का पर्स छीनने वाला बदमाश दबोचा

थाना फतेहाबाद पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए नीरज (पुत्र किताब सिंह, निवासी नगला देवहंस) को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सिकरारा अंडरपास पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को एक दंपती बाइक से फिरोजाबाद लौट रहे थे, तभी फतेहाबाद-भलोखरा मार्ग पर तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर तमंचे के बल पर महिला का पर्स लूट लिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की थी।

​लूटे गए पर्स में चांदी की पायल, करधनी और सोने की अंगूठियों व पेंडल समेत कीमती आभूषण थे। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को पकड़ लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथी—सूर्य प्रकाश उर्फ एसपी और आकाश—अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।