भक्ति के रंग में रंगा आगरा: 3100 कलशों के साथ निकली भव्य यात्रा, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा आकाश, कल से शुरू होगी श्रीराम कथा

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा। ताजनगरी का रोहता क्षेत्र शनिवार को पूरी तरह ‘राममय’ नजर आया। अवसर था श्रीकामतानाथ सेवा समिति द्वारा आयोजित होने वाली सात दिवसीय श्रीराम कथा की पूर्व संध्या पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा का। सेवला से लेकर रोहता तक, जहां तक नजर गई, वहां केवल पीताम्बरी कलश और श्रद्धा का सैलाब ही दिखाई दिया। ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया।

​3100 महिलाओं ने धारण किए मंगल कलश

​कलश यात्रा का शुभारंभ सेवला स्थित अग्रधाम सेवा सदन से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। यात्रा में लगभग 3100 से अधिक महिलाओं ने सिर पर श्रीफल और पुष्पों से सुसज्जित पीताम्बर कलश धारण किए। बग्गी में सवार चित्रकूट के संत मदनगोपाल दास जी महाराज श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

​कल से बहेगी रामकथा की ज्ञान गंगा

​यात्रा रोहता स्थित पीएस गार्डन पहुंचकर संपन्न हुई, जहां मंत्रोच्चारण के साथ कलशों की स्थापना की गई। 15 से 21 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक यहां श्रीराम कथा का अमृत बरसेगा। चित्रकूट के श्रीकामदगिरि पीठाधीश्वर स्वामी श्री रामस्वरूपाचार्य जी महाराज अपनी संगीतमय वाणी से भगवान राम के आदर्शों और मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन प्रसंगों का वर्णन करेंगे।

क्रोध और निंदा छोड़, मर्यादा में श्रवण करें कथा

​आयोजन समिति के अध्यक्ष राम सेवक शर्मा (जय भोले) और महामंत्री डॉ. धर्मेन्द्र कुमार त्यागी ने श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है। समिति ने अनुरोध किया है कि कथा के दौरान श्रद्धालु धोती-कुर्ता और तिलक लगाकर आएं। मन में किसी के प्रति क्रोध या निंदा का भाव न रखें। कथा की सात दिवसीय मर्यादा का पूर्ण पालन करें।

​इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस भव्य आयोजन में मुख्य यजमान सिलेंद्र विथरिया सहित हाकिम सिंह त्यागी, दीनदयाल मित्तल, ऋषि उपाध्याय, रामवीर सिंह चाहर, अशोक फौजदार, महावीर त्यागी, रनवीर सोलंकी और सौरभ शर्मा जैसे तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिदिन कथा स्थल पर 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की भव्य व्यवस्था की गई है।