Agra News: शाहगंज में संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Crime

आगरा: बृहस्पतिवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव उसी के घर पर मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीसीपी सिटी सूरज कुमार भी मौके पर पहुंच गए। कानूनी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया, साथ ही पीड़ित परिवार की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज कराया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बेटे की हत्या की गयी।

दो महीने पहले लौटा था हैदराबाद से

मामला शाहगंज थाना क्षेत्र के राधे वाली गली, सराय ख्वाजा का है। बताया जाता है कि साेनू हैदराबाद की कंपनी में काम करता था। दो महीने पहले घर आया था। तब से काम पर नहीं गया था। बृहस्पतिवार शाम को चार बजे वह घर में था। मां सुनीता देवी और बड़ा भाई बॉबी पड़ोस में गए थे। मां ने पुलिस को बताया कि जब लौटकर आए तो सोनू मरणासन्न हालत में पड़ा था। आसपास के लोगों ने बताया कि सुनील, महीपाल, विशाल, राहुल व सुनील घर में घुसे थे। उन्होंने बेवजह ही सोनू को पीटा था। उसके जमीन पर गिरने के बाद घर से भाग निकले। परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

कुछ दिन पहले ही हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक सोनू का चार जुलाई को महिपाल से नशेबाजी को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद काफी बढ़ गया था। पीड़ित परिवार का कहना है कि इसी विवाद के चलते बेटे की हत्या की गई है। मौके पर पहुँचे डीसीपी सिटी ने बताया कि शाम तकरीबन छह बजे पुलिस को सूचना मिली थी। घटनास्थल पर जांच की गई। मृतक के गले पर निशान था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई बाॅबी ने तहरीर दी है।

पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

इस संबंध में मृतक के भाई ने 5 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है। जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है कि वह घर में नहीं मिले हैं। परिजन ने यही बताया कि वह काम पर गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।