Agra News: भाजपा विधायकों के वायरल ऑडियो ने शहर में मचाई सनसनी!

Regional

यह हमारा लोकतंत्र है, हम चार विधायक मिलकर दबाव बनाएंगे”

आगरा। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह ऑडियो भारतीय जनता पार्टी के विधायकों का बताया जा रहा है, जिसमें वे पार्टी के जिलाध्यक्ष चुने जाने को लेकर मंथन कर रहे हैं। साथ ही इस बात पर भी जोर दे रहे हैं कि अगर चार विधायक एक स्वर में बोलेंगे तो उनकी बात क्यों नहीं सुनी जाएगी।

भाजपा के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष का चयन होना है। इसके लिए पर्यवेक्षक तैनात कर दिए हैं। संगठन पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर ही दोनों का चयन करेगा। सोमवार को वायरल ऑडियो ने शहर में सनसनी मचा दी। ऑडियो में एक विधायक वह अपनी ही पार्टी के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी के लिए आंखें निकालने की बात कह रहे हैं। भाजपा में शहर और जिलाध्यक्ष के फेरबदल की रणनीति को लेकर विधायक मंत्रणा कर रहे थे। तभी किसी ने यह ऑडियो बना लिया। ऑडियो में एक विधायक कह रहे हैं, ‘यह हमारा लोकतंत्र है। हम चार विधायक मिलकर दबाव बनाएंगे। चारों विधायक जो कहेंगे, वही होगा। हमारी पसंद का जिलाध्यक्ष नहीं बना तो …… .आंखें निकाल लेंगे।’

ऑडियो में एक विधायक बोल रहे हैं- ‘हमारा जिलाध्यक्ष क्यों नहीं बनेगा। अगर चार विधायक किसी बात को एकसाथ कहेंगे तो उनकी बात क्यों नहीं मानी जाएगी।’
आपस में बातचीत करते हुए एक विधायक चार जातियों के नाम बोलकर कहते हैं कि जिलाध्यक्ष कुशवाह, ठाकुर, जाट या माहौर में से होना चाहिए। मतलब अनुसूचित जाति का हो तो माहौर, पिछड़ी जाति से हो तो जाट या कुशवाह और अगर सामान्य से बने तो ठाकुर जाति से होना चाहिए। इस रणनीति पर जनप्रतिनिधि आपस में चर्चा कर रहे हैं।

ऑडियो में बीच-बीच में भाजपा पर्यवेक्षक का नाम भी लिया जा रहा है। विधायक कह रहे हैं, ‘हमने तो सीएम से मिलकर भी कह दिया था कि आगरा में नौ विधायक हैं और आगरा को कुछ नहीं मिला।’ ऑडियो में आगरा के एक मंत्री के लिए भी अमर्यादित बात कही गई है।

दरअसल, आगरा में जिला अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष के पदों के लिए पार्टी में गतिविधियां तेज हो गई हैं।

विधायकों से लेकर पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी अपनी-अपनी पसंद के पदाधिकारी बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसी रणनीति के तहत विधायक और जिलाध्यक्ष पद के एक दावेदार व कुछ अन्य समर्थकों की बीच में ही यह चर्चा रही थी।

ऑडियो सामने आने के बाद भाजपा के ही नेता का हाथ बताया जा रहा है। वह भी जिलाध्यक्ष पद की दावेदारी की दौड़ में शामिल है। हालांकि उनके खिलाफ पार्टी के ही कुछ लोगों ने षड्यंत्र कर केस लगा दिया है। इससे उनकी दावेदारी कमजोर पड़ गई। इसके बाद विधायक की चर्चा का यह ऑडियो उसके हाथ लग गया तो इसे वायरल कर दिया।

आगरा में वर्तमान में जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह है और शहर अध्यक्ष भानु महाजन हैं। हालांकि अभी पार्टी ने आधिकारिक रूप से इन पदाधिकारियों को बदले जाने की कोई बात नहीं कही है। लेकिन, पिछले दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कुछ जिलों में संगठन में फेरबदल करने के संबंध में दिए गए बयान के बाद इन पदों के लिए पार्टी में गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Compiled: up18 News