Agra News: पालतू स्वान के मरने पर शोक में डूबे परिवार ने मुंडवाये सिर, तेरहवीं में तीन सौ लोगों को भोजन कराया

स्थानीय समाचार

आगरा: ट्रांस यमुना की शिव नगर कालोनी में पालतू स्वान के मर जाने पर एक परिवार द्वारा सिर मुंडवाने और रीति-रिवाज से त्रियोदशी संस्कार कर तीन सौ लोगों को भोजन कराने का मामला सामने आया है।

शिव नगर कालोनी के रहने वाले सत्यवीर सिंह भगवान की मूर्तियों की पोशाक बनाने का काम करते हैं। परिवार में बेटा और पत्नी है। करीब छह वर्ष पूर्व वह एक कुतिया लेकर आए थे। उसका नाम भूरी रखा। परिवार के सदस्य की तरह उसे पाला। लगाव इतना हो गया कि ज्यादातर समय सत्यवीर का घर में भूरी के साथ ही बीतता। विगत नौ सितम्बर की रात अचानक भूरी की तबीयत खराब हो गई। रात अधिक होने के कारण वह किसी चिकित्सक को नहीं दिखा सके। सुबह चार बजे भूरी की मृत्यु हो गई।

पूरा परिवार शोक में डूब गया। सुबह ही उसका सत्यवीर ने अंतिम संस्कार किया। घर से कुछ दूरी पर खाली मैदान में उसे भू-समाधि दी। उन्होंने तय किया कि जैसे किसी के परिवार के सदस्य की मृत्यु हो जाने पर रीति-रिवाज हो जाते हैं, वैसे ही करेंगे।

पूरा परिवार शोक संतप्त होने के साथ सत्यवीर ने सिर मुंडवाया, परिवार के करीब एक दर्जन पुरुषों ने अपना सिर मुंडवाया। ग्यारहवें दिन बुधवार को सत्यवीर ने भूरी का त्रयोदशी संस्कार किया। मोहल्ले के करीब तीन सौ लोगों को भोजन कराया।

सत्यवीर कहते हैं कि वह हमारे परिवार की सदस्य थी। वह बोल नहीं सकती तो क्या, हम उसकी भावनाएं समझते थे। इसलिए हमने तय किया कि हम मृत्यु पर सारे रीति-रिवाज निभाएंगे।