Agra News: ताजमहल पूर्वी गेट पर धार्मिक यात्रा रोकना पड़ा भारी, व्यापारियों ने DM को सौंपा ज्ञापन; प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित पाठक प्रेस बैरियर पर धार्मिक आयोजनों के दौरान कथा वाचकों की बग्घी और कलश यात्रा को रोके जाने को लेकर शहर के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। ताजगंज व्यापार मंडल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी (DM) को ज्ञापन सौंपा है और धार्मिक आयोजनों के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा लगाई जा रही बाधाओं पर कड़ा ऐतराज जताया है।

​क्या है पूरा मामला?

व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश राठौर ने बताया कि शिव महापुराण, श्रीमद्भागवत और श्रीराम कथा जैसे आयोजनों में गुरुजन परंपरागत रूप से रथ या बग्घी पर सवार होकर कलश यात्रा के साथ दशहरा घाट तक जाते रहे हैं। दो दिन पूर्व ताजगंज के व्यापारी विनोद जादौन द्वारा आयोजित श्रीराम कथा के दौरान जब कथा वाचक गुरुजनों की बग्घी पाठक प्रेस बैरियर पर पहुंची, तो वहां मौजूद पुलिस प्रशासन ने उसे रोक दिया और वापस लौटा दिया। इस घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं और स्थानीय व्यापारियों में काफी रोष है।

​डीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर स्पष्ट मांग रखी कि थाना ताजगंज और ताज सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए जाएं। उन्होंने आग्रह किया कि भविष्य में धार्मिक आयोजनों के दौरान गुरुजनों के रथ, बग्घी और कलश यात्रा को किसी भी स्थिति में न रोका जाए। जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा कि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो और धार्मिक यात्राओं को बिना किसी बाधा के संपन्न होने दिया जाए।

​धार्मिक परंपराओं को बचाने की मांग

व्यापारियों का कहना है कि ताजमहल क्षेत्र के आसपास की धार्मिक परंपराएं वर्षों पुरानी हैं। कथा वाचकों और कलश यात्राओं का मार्ग इसी क्षेत्र से होकर गुजरता है, जिसे अचानक रोकना न केवल परंपराओं के विरुद्ध है, बल्कि जनभावनाओं का भी अपमान है। ताजगंज व्यापार मंडल ने प्रशासन से उम्मीद जताई है कि अब उन्हें अपनी धार्मिक आयोजनों के दौरान अनावश्यक सरकारी बाधाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।