Agra News: गणेश विसर्जन के दौरान छह युवक यमुना में डूबे, तीन को बचाया, तीन की तलाश जारी

स्थानीय समाचार

आगरा: यहां यमुना नदी में गुरुवार को गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। थाना न्यू आगरा के अंतर्गत खासपुर गांव के पास विसर्जन के दौरान कुछ युवक यमुना में डूब गए हैं। ये संख्या छह बताई जा रही है। इनमें से तीन को तुरंत बचा लिया गया।

बताया गया है कि छह युवक नदी में उतरे थे। सभी गहराई में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देख घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। तैराक युवाओं ने तीन युवकों को तुरंत ही बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी के तीन पहुंच से इतनी दूर चले गए कि उनका कुछ पता नहीं चला। सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम पहुंच गई, जो युवकों की तलाश कर रही है। मौके पर फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया है।

गणेश विसर्जन को लेकर सुबह से घाटों पर भीड़ थी। शाम तक अधिकांश घाटों पर विसर्जन शांतिपूर्वक निपट गया, मगर, न्यू आगरा के खासपुरा गांव के पास शाम को प्रतिमा विसर्जन के समय कुछ युवक यमुना नदी में उतर गए। अंदर जाने पर युवक डूबने लगे। बताया गया है कि तीन युवकों को तो लोगों ने बचा लिया, लेकिन तीन गहरे पानी में फंस गए। उनके डूबने पर चीख-पुकार मच गई। गांव वाले भी आ गए।

पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गोताखोर और फायर ब्रिगेड को बुला लिया। बचाव कार्य जारी है। अंधेरा होने के चलते इसमें परेशानी आ रही है। आसपास के लोगों का कहना है कि तीन लोग डूब गए हैं, जबकि तीन को गोताखोरों ने बचा लिया।

एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि विसर्जन के दौरान कुछ युवकों की डूबने की सूचना मिली। बचाव ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कितने युवक डूबे हैं, इसकी अभी सही जानकारी नहीं हो पा रही है।