Agra News: शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन की 130वीं वर्षगांठ पर विचार गोष्ठी का आयोजन

Press Release

आगरा। शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन की 130 में वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एनसीसी आर्मी विंग आगरा कॉलेज द्वारा “स्वामी विवेकानंद एवं विश्व पटल पर उभरता भारत” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन महाविद्यालय की सेमिनार हॉल में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनुराग शुक्ला ने उपस्थित कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि जब भारत दासता की जंजीरों में जकड़ा हुआ था और विश्व में भारत की छवि एक पिछड़े और दयनीय देश की थी, तब शिकागो के विश्व धर्म सम्मेलन में भारत के युवा संत स्वामी विवेकानंद ने भारतीय अध्यात्म की पताका एवं संस्कृति को विश्व के तत्कालीन धर्म विशेषज्ञों के सामने मजबूती से रखा।

उन्होंने कहा कि भारत को समझना है तो विवेकानंद के उन मूल्यों को समझो, जिन्हें शिकागो सम्मेलन में उन्होंने स्थापित किया था। विवेकानंद ने भारतीय मूल्यों को स्थापित करते हुए कहा था कि केवल भौतिक वस्तुओं से उन्नति नहीं होती, वैचारिक संपन्नता भी आवश्यक है। भारतीय संस्कृति त्यागपूर्वक उपभोग करने का संदेश देती है।

कंपनी कमांडर कैप्टेन अमित अग्रवाल ने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर सशक्त होकर उभरा है। विविध क्षेत्रों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। स्पेस टेक्नोलॉजी का क्षेत्र हो या रक्षा उपकरणों का उत्पादन अथवा सॉफ्टवेयर तकनीकी आदि के क्षेत्र में हमारे देश के युवा अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहे हैं। आने वाले समय में भारत तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। आने वाले समय में वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण होती जा रही है।

गोष्ठी का संचालन सार्जेंट आराध्या भट्ट ने किया। अतिथियों का स्वागत यूओ आशीष यादव ने तथा आभार कैडेट प्रिया ने किया। गोष्ठी में कैडेट खुशबू चंसोलिया, अभिषेक पाल, रोजी, मोनाली, मानवी, रविन्द्र, अलीशा खान आदि ने विचार व्यक्त किए।