Agra News: प्रमुख सचिव नगर अमृत अभिजात ने G20 की तैयारियों का लिया जायज़ा

स्थानीय समाचार

आगरा। जी-20 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात आगरा पहुंचे थे। आगरा पहुंचने के बाद उन्होंने जी-20 समिट में आने वाले मेहमानों के प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिले भर के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात दल बल के साथ अजीत नगर गेट पर पहुंचे थे। विदेशी मेहमान हवाई जहाज से ही आगरा पहुंचेंगे, इसीलिए उन्होंने पहले अजीत नगर गेट से एयरपोर्ट तक पहले फेज में निरीक्षण किया और इसके बाद में अजीत नगर गेट से लेकर ताजमहल तक के रूट का निरीक्षण करने के लिए निकल गए।

पत्रकारों से रूबरू होते हुए प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने बताया कि G20 समिट की बैठक आगरा में होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसीलिए G20 समिट में भाग लेने के लिए आगरा आने वाले विदेशी मेहमानों के स्वागत सत्कार के लिए शहर को भी बखूबी तरीके से सजाया जा रहा है जिससे वह भारतीय संस्कृति से भी रूबरू हो सकें। वीआईपी रूट पर जितने भी दुकान और मकान है, उन सभी को एक ही रंग में रंगने का कार्य किया जा रहा है। दुकानों पर नाम के साथ जो होर्डिंग्स हैं, वह भी एक ही रंग में लिखे और लगाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं शहर वासी भी खुद जी-20 की तैयारियों में सहभागिता दर्ज करा रहे हैं।

भारतीय संस्कृति से परिपूर्ण होगा वीआईपी रूट

प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने कहा कि वीआईपी रूट पूरी तरह से भारतीय संस्कृति से सजा हुआ नजर आएगा। रूट पर जगह जगह रंग बिरंगे फूलों वाले गमले होंगे तो वहीं पूरे रूट पर वॉल पेंटिंग भी की जा रही है। यह सभी भारतीय संस्कृति को दर्शाने वाली हैं। जो भी विदेशी मेहमान रूट से गुजरेंगे, उन्हें यह सब देखने को मिलेगा और वह भारतीय संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे।

वीआईपी रूट को और डेवलप करने की है जरूरत’

प्रमुख सचिव अमृत अभिजात का कहना था कि धीरे-धीरे बदल रहा है। वीआईपी रूट को भी पूरी तरह से डेवलप किया जा रहा है। अभी इसे और ज्यादा डेवलप करने की जरूरत है। अभी हमारे पास कुछ दिन शेष हैं इसीलिए जो इस कार्य रह गया है उसे तेजी के साथ कराया जा रहा है। हालांकि निरीक्षण के दौरान विकास कार्य की गति तेज मिली है लेकिन फिर भी इन विकास कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

महिला सशक्तिकरण पर होगी बैठक

प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने बताया कि फरवरी में जो G20 समिट की बैठक होनी है, वह महिला सशक्तिकरण पर आधारित होगी। इसीलिए भारत में महिला सशक्तिकरण को लेकर क्या कार्य किए जा रहे हैं, उनको भी वॉल पेंटिंग में दर्शाया जाएगा। फिलहाल विकास कार्य तेजी के साथ चल रहे हैं। जल्द ही वीआईपी रूट और शहर पूरी तरह से बदला हुआ नजर आएगा।