Agra News: कमजोर पुल से गुजरेगा जी-20 डेलिगेशन के वाहनों का काफिला! लोक निर्माण विभाग ने लगाए हैं चेतावनी बोर्ड

स्थानीय समाचार

आगरा। आगामी फरवरी माह में जी-20 का डेलिगेशन आगरा आ रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन आगरा ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगरा एयरपोर्ट से लेकर फतेहाबाद मार्ग और सफेद संगमरमरी हुस्न ताजमहल तक के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही है।

पूरे शहर की सुंदरता और भव्यता के लिए दिन-रात जिला प्रशासन की ओर से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क के दोनों ओर दीवारों पर मनोहारी दृश्य देखने को मिल रहे हैं। ब्रज की छटा के साथ-साथ योगासन जैसे दृश्य भी जी-20 डेलिगेशन में शामिल भारत के मेहमान अवलोकन कर सकेंगे।

मगर सवाल इस बात का है कि आगरा एयरपोर्ट से लेकर ईदगाह की ओर जाने वाले रेलवे पुल की जर्जर और कमजोर अवस्था को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्ड पर साफ तौर पर लिखा है कि रेल उपरिगामी पुल कमजोर है, भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित है। ऐसे में क्या जिला प्रशासन आगरा लोक निर्माण विभाग के चेतावनी बोर्ड को अनदेखा कर रहा है। इतना ही नहीं G20 के डेलिगेशन के आगरा आगमन से पूर्व कमजोर व जर्जर रेलवे पुल की सौंदर्यता और सुंदरता को बढ़ाने के लिए पुल के दोनों और फुटपाथ पर टाइल्स एवं अन्य सामग्री लगाई जा रही है। जिससे कमजोर एवं जर्जर पुल पर लगातार वजन बढ़ रहा है।

डोनाल्ड ट्रंप के आगमन के समय भी लगे थे चेतावनी बोर्ड

आपको बताते चलें कि दो दिवसीय 24 एवं 25 फरवरी सन 2020 को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आगरा आए थे। जहां डोनाल्ड ट्रंप ने ताज का दीदार अपने परिवार के साथ ताज का दीदार किया था। पूर्व में भी लोक निर्माण विभाग द्वारा इस रेलवे पुल को लेकर चेतावनी बोर्ड लगे थे। उस वक्त भी जिला प्रशासन आगरा ने लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्ड और दी गई चेतावनी को अनदेखा किया था।

प्रशासन क्या लेगा का निर्णय?

सवाल इस बात का है कि क्या जिला प्रशासन आगरा लोक निर्माण विभाग के चेतावनी बोर्ड को अनदेखा कर रहा है। आगरा एयरपोर्ट से लेकर ताज का दीदार करने वाले जी-20 के डेलिगेशन में शामिल मेहमानों के लिए जिला प्रशासन आगरा के पास इसके अलावा और कोई रास्ता या विकल्प नहीं है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन आगरा इस खबर पर क्या संज्ञान लेता है।