आगरा में जादू का ‘इंद्रजाल’: जादूगर ओपी शर्मा जूनियर के हैरतअंगेज करतबों ने पत्रकारों को किया मंत्रमुग्ध

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के ऐतिहासिक सूर सदन में इन दिनों जादू की दुनिया के बेताज बादशाह, ओपी शर्मा जूनियर अपने हैरतअंगेज कारनामों से शहरवासियों को रोमांचित कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार का दिन आगरा के मीडिया जगत के लिए बेहद खास रहा, जब ताज प्रेस क्लब के तत्वावधान में पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए एक विशेष ‘मैजिक शो’ का आयोजन किया गया। इस दौरान सूर सदन का हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और कलम के जादूगर (पत्रकार) खुद जादू की जादुई दुनिया को देख दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर हो गए।

जादुई स्वागत और सम्मान का सिलसिला

कार्यक्रम का आगाज भी किसी चमत्कार से कम नहीं था। जादूगर ओपी शर्मा जूनियर ने अपनी कला के जरिए हवा में अचानक फूलों की माला प्रकट कर दी और मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आगरा मनीष बंसल व ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा को पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद क्लब की ओर से जिलाधिकारी को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया, साथ ही जादूगर ओपी शर्मा जूनियर को उनकी उत्कृष्ट कला के लिए सम्मान पत्र भेंट किया गया।

ड्रिल ऑफ डेथ’ ने बढ़ाई धड़कनें

शो के मुख्य आकर्षण ‘ड्रिल ऑफ डेथ’ और ‘तिलिस्मी चेहरा’ ने कलम के जादूगरों को रोमांचित करने के साथ-साथ हैरान भी कर दिया। करीब 43 हजार से अधिक हाउसफुल शो कर चुके ओपी शर्मा जूनियर इस बार अपने साथ 250 टन आधुनिक उपकरण और 150 सदस्यों की टीम लेकर आगरा पहुंचे हैं। शो में कम्प्यूटराइज्ड हिप्नोटिक लाइट, अल्ट्रा डिजिटल साउंड और अत्याधुनिक तकनीक के इस्तेमाल ने रोमांच को कई गुना बढ़ा दिया।

अंधविश्वास के खिलाफ विज्ञान का संदेश

ओपी शर्मा जूनियर ने कहा कि जादू को किसी भी तरह दैवीय शक्ति, चमत्कार या अंधविश्वास से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। जादू पूरी तरह विज्ञान और तकनीक पर आधारित कला है। उन्होंने कहा कि यदि कोई जादू को चमत्कार मानता है तो उसके ठगे जाने की संभावना बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि जादू केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा और जागरूकता का माध्यम भी है। शर्मा ने कहा, “जादू विज्ञान है। तंत्र-मंत्र जैसी कोई चीज नहीं होती। जादू का इस्तेमाल अंधविश्वास तोड़ने और लोगों को शिक्षित करने के लिए होना चाहिए।”

उन्होंने सरकार से जादू को बढ़ावा देने और इसे पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने की भी अपील की। उनका मानना है कि जादू केवल आंखों को चौंकाने का खेल नहीं, बल्कि दिमाग को सोचने के लिए प्रेरित करने वाली कला है।

अतिथियों के विचार

ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि आगरा के पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए यह आयोजन यादगार रहा। उन्होंने कहा कि ओपी शर्मा जूनियर का शो केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विज्ञान और कला का अद्भुत संगम है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम करते हैं।

जिलाधिकारी आगरा ने मनीष बंसल ने कहा कि जादू एक बेहतरीन कला है, जिसे विज्ञान और तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है। उन्होंने कहा कि ओपी शर्मा जूनियर का शो लोगों को अंधविश्वास से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनाने की प्रेरणा देता है। साथ ही उन्होंने पूरी टीम को शानदार प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएं दीं।

सेल्फी का क्रेज और दिग्गजों की मौजूदगी

कार्यक्रम के समापन पर जादूगर के साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए दर्शकों में भारी उत्साह देखा गया। इस अवसर पर आगरा के जाने-माने जादूगर अखिलेश जायसवाल और जतिन कुमार भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ताज प्रेस क्लब की पूरी टीम, जिसमें महासचिव विवेक जैन, उपाध्यक्ष अजेंद्र चौहान, आदर्श नंदन गुप्त, डॉ. सज्जन सागर, कोषाध्यक्ष धीरज शर्मा, सचिव आलोक द्विवेदी, अनिल राणा, कार्यकारिणी सदस्य जगत नारायण शर्मा, अरुण रावत, मनीष जैन, राजेश शर्मा, राजेश दुबे, जय सिंह वर्मा ,फरहान खान, वीरेंद्र इमेल, शीतल सिंह माया, शरद शर्मा, एसपी सिंह सहित प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष डॉ. महेश धाकड़‌ समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।