Agra News: KCR टाउन में 2 घरों से 50 लाख की चोरी, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

Crime

आगरा: गेट बंद कालोनी केसीआर टाउन में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े दो मकानों को अपना निशाना बनाया। अज्ञात चोरों में बेखौफ होकर दोनों मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और लगभग 50 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी और पीड़ित से पूछताछ करने के बाद जांच पड़ताल में जुट गई।

बेटे के पास गए थे पीड़ित

घटना थाना मलपुरा क्षेत्र की है। बरौली अहीर स्थित केसीआर कॉलोनी इलाके की सबसे पॉश और सुरक्षित कॉलोनी मानी जाती है लेकिन अज्ञात चोरों ने इस कॉलोनी की सुरक्षा में सेंध लगा दी है। अज्ञात शातिर चोरों ने सेवानिवृत्त सेना अधिकारी के घर को अपना निशाना बनाया। अटूस गांव निवासी सेवानिर्वत सूबेदार मेजर उषपाल सिंह पत्नी कुशमा देवी के साथ केसीआर कालोनी में रहते हैं। उषपाल सिंह ने बताया कि उनका बड़ा बेटा संजय कुमार मर्चेंट नेवी में है। वह सउदी अरब में हैं। छोटा बेटा रविंद्र मैनपुरी जिले में मुख्य आरक्षी हैं। संजय का परिवार ग्रेटर नोएडा में रहता है। उषपाल और उनकी पत्नी कुशमा देवी 24 सितंबर को ग्रेटर नोएडा गए थे। वे मकान का ताला लगा गए थे।

पड़ोसी ने ताला टूटने की दी जानकारी

पीड़ित ने बताया कि पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा देख उन्हें सूचित किया था। सूचना मिलते ही शाम तक वो पत्नी के साथ घर पहुँच गए। घर पहुँचते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी। घर के सभी ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। अज्ञात चोरों ने गोदरेज की अलमारी को भी तोड़ा और हर जगह को खंगाला। सोने चांदी के आभूषण के साथ नगदी भी चोर ले गए।

लगभग 50 लाख की है चोरी

अज्ञात चोरों ने इस कॉलोनी में दो घरों को निशाना बनाया है। उषपाल सिंह ने बताया कि अज्ञात चोर उनके घर से लगभग 40 तोले सोने, दो किलो चांदी के आभूषण के साथ 50 हजार रुपए की नगदी व अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए है। वहीँ उषा देवी जो स्वास्थ्य विभाग बुंदू कटरा में यूपीएचसी में स्वास्थ्य निरीक्षक हैं। उनके मकान को भी अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया और ताले चटकाए। मकान से 12 तोले सोना, 80 हजार नकद समेत अन्य सामान पार कर ले गए। दोनों घरों में हुई चोरी का आंकलन किया जाए तो लगभग 50 लाख की चोरी पहुचेंगी।