Agra News: एसी ख़राब होने पर यात्रियों ने काटा हंगामा, 2:30 घंटे कैंट स्टेशन पर खड़ी रही ट्रैन

स्थानीय समाचार

आगरा: यात्रियों के हंगामे के चलते एक ट्रेन को आगरा कैंट स्टेशन पर रोका गया। लगभग 2:30 घंटे तक आगरा कैंट स्टेशन पर यह ट्रेन खड़ी रही। समस्या का समाधान हो जाने के बाद ही यात्रियों में इस ट्रेन को आगे बढ़ने दिया। आइए अब आपको बताते हैं इस ट्रेन का क्या है पूरा मामला।

यह पूरा मामला सूरत से मुज्जफरपुर जाने वाली ट्रेन का है। ट्रेन संख्या 19053 सूरत से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुई लेकिन इस ट्रेन के बी-3 कोच का एसी खराब हो गया। एसी खराब हो जाने पर यात्री परेशान होने लगे। यात्रियों ने इसकी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जब यात्रियों ने हंगामा किया तो आगरा कैंट पर कोच बदलने की बात कहकर सभी को शांत करा दिया गया। जैसे ही ट्रेन लगभग सुबह साढे़ सात बजे आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची तो बी-3 कोच के सभी यात्री नीचे उतर आए। रेल यात्रियों ने एक बार फिर कोच बदलने के लिए कहा इस पर रेलवे ने कोच बदलने की बात कही। ट्रेन से कोच को अलग किया गया। इंजन सहित कोच को यार्ड में भेजा गया।

करीब ढाई घंटे खड़ी रही ट्रेन

यात्रियों के हंगामे के बाद आगरा कैंट स्टेशन पर कोच बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई। नया कोच लाया गया। कोच को ट्रेन से जोड़ा गया। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग ढाई घंटा बीत गया। नया एसी कोच लगने के बाद ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। कोच बदलने के दौरान यात्री काफी परेशान नजर आए।