Agra News: पहली बार आगरा में होगा भारत रक्षा मंच का राष्ट्रीय अधिवेशन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा CM योगी होंगे मुख्य अतिथि

विविध

आगरा। भारत रक्षा मंच का अखिल भारतीय राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 6 व 7 सितंबर 2025 को पहली बार आगरा में आयोजित किया जाएगा। मंच के राष्ट्रीय संयोजक सूर्यकांत केलकर ने बताया कि यह तीन दिवसीय आवासीय अधिवेशन देश की सुरक्षा चुनौतियों और रणनीतिक विषयों पर केंद्रित रहेगा। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि अपने विचार रखेंगे।

इस राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान घुसपैठ, सीमावर्ती राज्यों की स्थिति, आंतरिक सुरक्षा पर होगी गंभीर चर्चा के साथ ही देश की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा, सीमावर्ती राज्यों की स्थिति, घुसपैठ, साइबर सुरक्षा, ड्रोन अटैक जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श होगा। अधिवेशन में देश के शीर्ष रक्षा विशेषज्ञों, रणनीतिकारों और मंच के वरिष्ठ पदाधिकारियों के विचार सुनने को मिलेंगे।

राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रशांत कोतवाल ने बताया कि अधिवेशन में देशभर से 2500 से 3000 प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। इसमें भारत रक्षा मंच की स्मारिका का भी विमोचन किया जाएगा, जो संगठन की अब तक की यात्रा, विचारधारा और आगामी योजनाओं को रेखांकित करेगी।

मंच के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर भारत संगठन प्रमुख शशांक चोपड़ा ने कहा कि भारत रक्षा मंच की स्थापना वर्ष 2010 में हुई थी और यह अब तक भोपाल, दिल्ली, नागपुर में राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित कर चुका है। पहली बार उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से आगरा को इस ऐतिहासिक आयोजन का अवसर प्राप्त हुआ है।

ठाकुर श्रीनिवास गुप्ता को अधिवेशन का समन्वयक नियुक्त किया गया है, जो संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

अतिथि वन में हुई मंच की राष्ट्रीय संगठन समिति की बैठक में देशभर से पदाधिकारी जुटे और अधिवेशन को लेकर व्यापक चर्चा हुई। उपस्थित पदाधिकारियों में डॉ. अशोक आचार्य (राष्ट्रीय महामंत्री), प्रशांत कोतवाल (राष्ट्रीय संगठन मंत्री), उमाकांत तिवारी (राष्ट्रीय मंत्री), वीणा गोगरी (राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ प्रमुख), एडवोकेट विभाकर मिश्रा (विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष), सुजेन आनंद (पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र संगठन प्रमुख), रामानंद सिंह (मध्य क्षेत्र प्रमुख), डॉ. रामानंदो (पूर्वोत्तर क्षेत्र प्रमुख), उमेश (दक्षिणी क्षेत्र संगठन मंत्री), डॉ. इलेवान ठाकर (गुजरात प्रांत प्रमुख) और विद्यासागर शर्मा (जम्मू-कश्मीर व लद्दाख प्रभारी) मौजूद थे।

अधिवेशन की स्थानीय तैयारियों में आगरा से देवेंद्र कुमार, आदित्य पाराशर, कृष्ण मुरारी माहेश्वरी, श्रीभगवान, पुनीत कुमार गुप्ता, अजय, नीरज नौहवार, धर्मेंद्र चौधरी, भूषण तिलक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं।